बांकेबिहारी मंदिर में VIP ट्रीटमेंट खत्म, नेताओं और अफसरों को भी नहीं मिलेगा विशेष दर्जा: गोस्वामी समाज
बांके बिहारी मंदिर के प्रस्तावित कॉरिडोर का विरोध कर रहे गोस्वामीजनों ने नया ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अब मंदिर में दर्शन करने आने वाले सत्ताधारी दल के किसी भी नेता और स्थानीय अधिकारियों का स्वागत कर न पटुका पहनाएंगे और न ही प्रसादी देंगे।
मथुरा (आरएनआई) वृंदावन में प्रस्तावित श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर को लेकर हो रहा विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऊर्जा मंत्री को ज्ञापन देने के दौरान महिलाओं के साथ पुलिस द्वारा की गई अभद्रता से गोस्वामीजनों में आक्रोश है। वह इस मामले को कोर्ट में भी लेकर जाएंगे। साथ ही उन्होंने ऐलान किया है कि गोस्वामीजन अब मंदिर में दर्शन करने आने वाले सत्ताधारी दल के किसी भी नेता और स्थानीय अधिकारियों का स्वागत कर न पटुका पहनाएंगे और न ही प्रसादी देंगे।
शनिवार को ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री एके शर्मा श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। मंदिर में दर्शन के दौरान हंगामा हुआ था। महिलाएं उन्हें ज्ञापन देना चाहती थीं, लेकिन सीओ सदर संदीप सिंह ने मंदिर में आते ही उनके साथ धक्का-मुक्की कर दी। उनके हाथ में लगी विरोध की स्लोगन पट्टी को छीन लिया। इससे माहौल और गर्माता चला गया। शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देने का मन बनाए गोस्वामियों ने हंगामा खड़ा कर दिया।
इस घटना के बाद गोस्वामीजनों ने ऐलान करते हुए कहा है कि अब किसी भी सत्ताधारी नेता और स्थानीय अधिकारी का मंदिर में स्वागत नहीं किया जाएगा। वह किसी को माला पटुका नहीं पहनाएंगे। सेवायत नितिन सांवरिया का कहना है कि महिलाओं के साथ पुलिस का ऐसा व्यवहार ठीक नहीं है। ऐसे में यह निर्णय लिया गया है। सेवायत हिमांशु गोस्वामी का कहना है कि कॉरिडोर के विरोध में गोस्वामियों से जो होगा, वह किया जाएगा। अब मंदिर में सत्ताधारी दल के नेता और अधिकारियों का सम्मान नहीं होगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



