दुबई में पंजाब के गैंगस्टर की सनसनीखेज हत्या: जिस सिप्पा ने बचाई थी गोल्डी बराड़ के भाई की जान, उसी ने करवाया कत्ल
चंडीगढ़ (आरएनआई)। दुबई में पंजाब के कुख्यात गैंग विवाद से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें सुखदीप उर्फ सिप्पा उर्फ जोरा सिद्धू की चलती कार में तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। इस वारदात की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और उसके सहयोगी रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर लेते हुए चौंकाने वाले दावे किए हैं।
सूत्रों के अनुसार, जर्मनी से आए हमलावरों ने पहले सिप्पा का भरोसा जीता और फिर दुबई में उससे मिलने पहुंचे। कार में साथ बैठने के बाद उन्होंने अचानक सिप्पा के सिर और गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की जो तस्वीर सामने आई है, उसमें सिप्पा के सिर पर गहरे घाव दिखाई दे रहे हैं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस सिप्पा ने चंडीगढ़ में गोल्डी बराड़ के भाई गुरलाल बराड़ को गोली लगने के बाद अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने की कोशिश की थी, अब उसी गोल्डी बराड़ ने उसकी हत्या करवाई है। सिप्पा पहले गोल्डी बराड़ का बेहद करीबी माना जाता था, लेकिन हाल के महीनों में गैंगों के आपसी मतभेद गहराने से समीकरण पूरी तरह बदल गए।
सूत्र बताते हैं कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ अब अलग हो चुके हैं। सिप्पा लॉरेंस का बेहद भरोसेमंद था और दुबई में बैठकर उसके अवैध कारोबार को संभाल रहा था। इसी वजह से गोल्डी बराड़ ने उसे निशाना बनाया।
गुरलाल बराड़ की हत्या और गैंग युद्ध की पृष्ठभूमि
10 अक्टूबर 2020 को चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक क्लब से बाहर निकलते समय गुरलाल बराड़ पर दो नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हमले की जानकारी मिलते ही सिप्पा मौके पर पहुंचा और गुरलाल को अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उस समय विरोधी गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी, और इसके बाद लॉरेंस बिश्नोई ने धमकी भरा पोस्ट डाला— “अब सड़कों पर खून बहेगा।”
इस बार गोल्डी बराड़ ने दी खुली धमकी
रोहित गोदारा के नाम से किए गए पोस्ट में लिखा गया—
“दुबई में जोरा सिद्धू (सिप्पा) की गला काटकर हत्या हमने कराई है। ये लॉरेंस का हैंडलर बनकर हमारे भाई को मरवाने की कोशिश कर रहा था। लोग कहते हैं दुबई सेफ है, लेकिन हमसे दुश्मनी करके कोई भी जगह सेफ नहीं है।”
पोस्ट में आगे दुश्मनों को खुली चेतावनी देते हुए कहा गया—
“जहां पुलिस के हाथ नहीं पहुंच सकते, वहां हम पहुंच जाएंगे। देर हो सकती है, लेकिन छोड़ेंगे नहीं।”
दुबई को अक्सर सुरक्षित माना जाता है, लेकिन इस वारदात ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय गैंगों की पहुंच और क्रूरता को फिर उजागर कर दिया है। अधिकारियों के बीच भी यह चिंता बढ़ गई है कि विदेशों में बैठे भारतीय गैंगस्टरों का नेटवर्क कितना व्यापक हो चुका है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



