हरियाणा में सियासी हलचल: ओपी सिंह को कार्यकारी डीजीपी का प्रभार, राहुल गांधी आज करेंगे मृत आईपीएस अफसर के परिवार से मुलाकात

Oct 14, 2025 - 10:54
 0  243
हरियाणा में सियासी हलचल: ओपी सिंह को कार्यकारी डीजीपी का प्रभार, राहुल गांधी आज करेंगे मृत आईपीएस अफसर के परिवार से मुलाकात

चंडीगढ़ (आरएनआई) आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के बाद हरियाणा में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। सरकार ने देर रात डीजीपी शत्रुजीत कपूर को अवकाश पर भेजते हुए आईपीएस ओमप्रकाश सिंह को राज्य का नया कार्यकारी डीजीपी नियुक्त कर दिया। ओमप्रकाश सिंह अभिनेता दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत के जीजा भी हैं।

इस घटनाक्रम के बीच विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-24 में अमनीत पी कुमार के आवास पर पहुंचेंगे। सोनिया गांधी के भी साथ आने की संभावना जताई जा रही है। हरियाणा कांग्रेस ने इसे शोकसंतप्त परिवार के प्रति एकजुटता का संदेश बताया है।

कर्मचारी संगठनों और समाजिक धड़ों का विरोध तेज
वाई पूरण कुमार के समर्थन में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन की घोषणा की है। राज्य प्रधान नरेश शास्त्री के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल आज परिवार से मिलकर आगे की रणनीति तय करेगा।

महापंचायत की ओर से सरकार को दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम भी समाप्त हो रहा है। विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए राज्य सरकार ने संपूर्ण हरियाणा में अलर्ट जारी कर दिया है। मुख्य सचिव कार्यालय से सभी डीसी, एसपी, आईजी और पुलिस आयुक्तों को कानून-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखने, सामुदायिक तालमेल बनाए रखने और किसी भी भड़काऊ गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

राजनीतिक कार्यक्रमों में बदलाव

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का सोनीपत और दिल्ली दौरा रद्द कर दिया गया। उन्होंने वाल्मीकि जयंती का कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया। वहीं वाई पूरण कुमार की मौत से उपजे विवाद के चलते 17 अक्टूबर को सोनीपत में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली भी टाल दी गई है। भाजपा संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

सरकार की ओर से मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने मृत अधिकारी के परिजनों को दो बार जाकर समझाने की कोशिश की। वहीं मनोहर लाल खट्टर के करीबी नेता और दलित वर्ग के प्रतिनिधि भी परिवार को पोस्टमार्टम के लिए राजी करने पहुंचे।

कांग्रेस ने कसी कमर
राहुल गांधी के दौरे को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने सक्रियता बढ़ा दी है। वरिष्ठ नेताओं और युवा कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-24 में डेरा डालना शुरू कर दिया है। राहुल गांधी सुबह करीब 10:30 बजे परिवार से मुलाकात करेंगे। चिराग पासवान भी दोपहर में वहां पहुंचेंगे।

सरकार को आशंका है कि घटनाक्रम से सामाजिक तनाव बढ़ सकता है। इसलिए जिलों में अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने और शांति-सौहार्द बनाए रखने को कहा गया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.