दिल्ली में ‘जहरीली’ हवा, AQI 400 पार; NCR में प्रदूषण का स्तर गंभीर, स्मॉग से घिरे कई इलाके
नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी दिल्ली सोमवार सुबह जहरीली हवा की चपेट में आ गई, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक कई इलाकों में गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर स्थित गाजीपुर में AQI 441 रिकॉर्ड किया गया, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में स्मॉग की मोटी परत छाई रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के अन्य हिस्सों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक का 401 से 500 के बीच होना ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक है। इस स्तर पर लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, गले में खराश और फेफड़ों से जुड़ी अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, जबकि बच्चों, बुजुर्गों और पहले से अस्थमा या श्वसन समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति और भी जोखिमपूर्ण है। स्मॉग की वजह से दृश्यता पर भी असर पड़ा है, जिससे सड़क और हवाई परिवहन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
एनसीआर में भी स्थिति बेहतर नहीं है। गाजियाबाद की हवा रविवार को सबसे अधिक प्रदूषित दर्ज की गई, जहां AQI 437 रहा। वहीं, फरीदाबाद में स्थिति मिश्रित रही, जहां एनआईटी सेक्टर में AQI 266 (गंभीर), सेक्टर 11 में 245 (खराब) और सेक्टर 30 में 205 (मध्यम से खराब) दर्ज किया गया। पर्यावरण विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि बाहर कम समय बिताया जाए, मास्क पहनने की आदत अपनाई जाए और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बढ़ाई जाएं।
दिल्ली में रविवार को भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई थी। सुबह धुंध और कोहरे के बीच हवा की स्थिति बिगड़ती रही और AQI 391 रिकॉर्ड किया गया, जो शनिवार से 21 अंकों की बढ़ोतरी थी। वायु गुणवत्ता प्रबंधन की निर्णय सहायता प्रणाली के अनुसार, दिल्ली में सबसे अधिक प्रदूषण 18.45% वाहन उत्सर्जन से हुआ। इसके अलावा पराली जलाने से 2.47%, निर्माण गतिविधियों से 2.72% और आवासीय इलाकों से 4.63% प्रदूषण की हिस्सेदारी रही। दोपहर तक हवा में पीएम10 का स्तर 373.3 और पीएम2.5 का स्तर 215.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।
दिल्ली के कई निगरानी स्टेशनों पर हवा गंभीर स्तर पर रिकॉर्ड की गई। वजीरपुर में AQI 459, विवेक विहार में 457, रोहिणी में 453, जहांगीरपुरी में 448, बवाना में 443, आनंद विहार में 438, अशोक विहार में 433, नरेला में 424, मुंडका और सोनिया विहार में 422 तथा पंजाबी बाग में AQI 421 दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का अनुमान है कि मंगलवार तक हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी रह सकती है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



