दिल्ली में आज से शुरू भारत-नेपाल सीमा वार्ता; जेन-जेड प्रदर्शन के बाद पहली उच्चस्तरीय बैठक

Nov 12, 2025 - 10:11
 0  108
दिल्ली में आज से शुरू भारत-नेपाल सीमा वार्ता; जेन-जेड प्रदर्शन के बाद पहली उच्चस्तरीय बैठक

नई दिल्ली (आरएनआई)। भारत और नेपाल के बीच वार्षिक सीमा वार्ता आज से दिल्ली में शुरू हो रही है, जो 14 नवंबर तक चलेगी। इस तीन दिवसीय बैठक में दोनों देशों के शीर्ष सुरक्षा बलों — भारत के सशस्त्र सीमा बल (SSB) और नेपाल के आर्म्ड पुलिस फोर्स (APF) — के प्रमुख भाग ले रहे हैं। यह बैठक विशेष महत्व रखती है क्योंकि यह सितंबर में काठमांडू में हुए “जेन जेड प्रदर्शन” के बाद दोनों देशों की पहली उच्चस्तरीय सुरक्षा वार्ता है।

बैठक का मुख्य फोकस सीमा पार अपराधों पर रोक, वास्तविक समय में खुफिया जानकारी साझा करने की व्यवस्था को मजबूत करना और समन्वित सीमा प्रबंधन (Coordinated Border Management) को और प्रभावी बनाना है।

भारत की ओर से बैठक का नेतृत्व एसएसबी के महानिदेशक संजय सिंगल कर रहे हैं, जबकि नेपाल की ओर से एपीएफ के इंस्पेक्टर जनरल राजू आर्यल और उनकी टीम भाग ले रही है।

एसएसबी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि चर्चा के दौरान दोनों पक्ष “सीमा पार अपराधों की संयुक्त रोकथाम के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने, सूचना साझा करने के लिए तेज़ और कुशल चैनल स्थापित करने और भारत-नेपाल सीमा पर शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर विशेष जोर देंगे।”

यह वार्षिक बैठक हर वर्ष दोनों देशों में बारी-बारी से आयोजित की जाती है। पिछली बैठक नवंबर 2024 में काठमांडू में हुई थी।

गौरतलब है कि एसएसबी भारत-नेपाल की 1,751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा की निगरानी करती है, जो बिना बाड़ की है। यह सीमा सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से बेहद संवेदनशील मानी जाती है। इसके अलावा एसएसबी भारत-भूटान सीमा (699 किमी) की सुरक्षा की भी जिम्मेदारी संभालती है।

अधिकारियों के अनुसार, यह वार्ता दोनों देशों के बीच विश्वास, सहयोग और सीमा सुरक्षा के क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.