जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, SIR कार्य प्रगति का लिया जायजा
हरदोई (आरएनआई) जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी ने हरदोई विधानसभा क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्य की स्थिति एवं प्रगति का आज मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अब्दुल पुरवा बूथ संख्या 177 तथा आजाद नगर हरदोई देहात में बूथ संख्या 167 से 173 तक कई मतदान केन्द्रों का स्थलीय भ्रमण कर कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित बीएलओ, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायक अध्यापकों से गणना प्रपत्रों के वितरण, उनकी वापसी एवं डिजिटाइजेशन की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आसपास मौजूद नागरिकों से भी बातचीत कर यह पूछा कि क्या उन्हें गणना प्रपत्र प्राप्त हुए हैं और क्या उन्होंने उन्हें भरकर जमा किया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एसआईआर कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में गणना प्रपत्रों का घर-घर वितरण, संग्रहण एवं बीएलओ ऐप पर डिजिटाइजेशन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने गणना प्रपत्र समय से जमा करें, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर सुशील कुमार मिश्र, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



