जनसुनवाई में मिला योजनाओं का लाभ, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
हरदोई (आरएनआई) कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने आमजन की समस्याओं को सुना। जनसुनवाई में कुल 121 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनके त्वरित निस्तारण के निर्देश जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिलाया गया। मौके पर ही वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांग पेंशन हेतु पंजीकरण कराया गया। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिनमें आज कुल 2 कार्ड जारी हुए। इसके अलावा एक बच्चे को स्पॉन्सरशिप योजना, एक व्यक्ति को वृद्धावस्था पेंशन, 3 बच्चों को बाल सेवा योजना और 4 महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन से जोड़ा गया। साथ ही 2 लोगों के दिव्यांग कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि पैमाइश और अंश निर्धारण से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण शीघ्र किया जाए। भूमि विवादों के स्थायी समाधान के लिए थाकबंदी प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कराने पर जोर दिया। चकरोड और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि कार्ययोजना बनाकर अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अरुणिमा श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



