चमन सीमा पर पाकिस्तान-अफगानिस्तान सुरक्षा बलों में भारी गोलीबारी, तीन लोग घायल

Dec 6, 2025 - 12:15
 0  189
चमन सीमा पर पाकिस्तान-अफगानिस्तान सुरक्षा बलों में भारी गोलीबारी, तीन लोग घायल

इस्लामाबाद (आरएनआई)। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के सुरक्षा बलों के बीच चमन सीमा पर शुक्रवार देर रात से शुरू हुई गोलीबारी लगातार चलती रही, जिसमें एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। दोनों देशों ने एक-दूसरे पर संघर्ष भड़काने का आरोप लगाया है, जिससे सीमा पर तनाव और बढ़ गया है।

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की ओर चमन जिले के अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया गया है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावा किया कि अफगान बलों ने बलूचिस्तान के बदानी क्षेत्र में मोर्टार दागकर हमला शुरू किया, जिसका जवाब पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने दिया। वहीं, अफगान तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान को इस गोलीबारी के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अफगान सैनिकों ने केवल जवाबी कार्रवाई की है।

सूत्रों के मुताबिक, गोलीबारी रात करीब दस बजे शुरू हुई और देर रात तक जारी रही। चमन-कंधार राजमार्ग के पास भी झड़प होने की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। चमन जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि तीन घायल मरीजों को इलाज के लिए लाया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर और विदेश मंत्रालय की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। चमन सीमा को फ्रेंडशिप गेट के नाम से जाना जाता है, जो दोनों देशों के बीच एक अहम व्यापारिक और आवागमन बिंदु है।

गौरतलब है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हाल के महीनों में कई बार तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हुई है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान में टीटीपी आतंकियों को पनाह दी जा रही है, जबकि अफगानिस्तान इन आरोपों से इंकार करता रहा है। पिछले महीने संघर्ष विराम पर सहमति बनने के बावजूद, सीमा पर हालिया झड़पों ने दोनों देशों के रिश्तों में एक बार फिर सख्त मोड़ ला दिया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.