गोरखपुर में 'विरासत गलियारा' को लेकर सरकार पर बरसे अखिलेश, बोले- कारिडोर के नाम पर लूट तंत्र सक्रिय

गोरखपुर में 'विरासत गलियारा' को लेकर अखिलेश यादव सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कारिडोर के नाम पर भाजपाई लूट तंत्र सक्रिय है। गोरखपुर में गोरखधंधा चल रहा है। यदि गोरखपुर वालों ने अपने मुंह खोल दिए तो वहां पर विरासत गलियारा की जगह हिरासत गलियारा बनवाना पड़ेगा।

Jun 28, 2025 - 15:31
 0  54
गोरखपुर में 'विरासत गलियारा' को लेकर सरकार पर बरसे अखिलेश, बोले- कारिडोर के नाम पर लूट तंत्र सक्रिय

लखनऊ (आरएनआई) राजधानी लखनऊ में शनिवार को सपा मुख्यालय में अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर में सपा कार्यकर्ताओं से हुई अभद्रता को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को भाजपा के लोगों ने बुलडोजर लेकर रोका। पीड़ित दुकानदारों से मिलने नहीं दिया। इसमें पुलिस-प्रशासन भी उन्हीं लोगों का साथ दे रहा था।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आगे कहा कि सीएम ने गोरखपुर के लिए सबसे पहली घोषणा झांसी से की थी। उन्होंने कहा था कि झांसी और गोरखपुर में मेट्रो बनाएंगे। सरकार के नौ साल होने जा रहे हैं। ना तो झांसी में मेट्रो में बनी, ना ही गोरखपुर में। आज गोरखपुर में गोरखधंधा चल रहा है। यदि गोरखपुर वालों ने अपने मुंह खोल दिए तो वहां पर विरासत गलियारा की जगह हिरासत गलियारा बनवाना पड़ेगा।

गोरखपुर में जमीन मकान का मुआवजा आपसी सहमति से नहीं, बल्कि बाजार की कीमत के हिसाब से देना चाहिए। सरकार पुलिस को आगे करके, डरा धमकाकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों से जबरदस्ती सहमति पत्र जारी करा रही है। सीएम योगी को निशाने पर लेते हुए कहा कि जब उनकी खुद की जमीन का मामला था तो सर्वाधिक संभव मुआवजा लिया। जमीन देने की बात कहकर वाहवाही भी लूटी।  

कारिडोर के नाम पर लूट तंत्र सक्रिय है। यह आसपास के लोंगो की जमीन औने-पौने दाम में ले लेते हैं। बाद में ऊंचे दाम में बेच देते हैं, या फिर वहां पर व्यापार करते हैं। भाजपा वाले मलाई काट रहे हैं। स्थानीय लोगों के साथ धोखा हो रहा है। जहां जमीन दिखती है, भाजपा उस पर कब्जा करने लगती है। यही कारण रहा कि अयोध्या और प्रयागराज में लोकसभा सीट हारी। बनारस हारते-हारते बची है। अब अगला नंबर मथुरा और गोरखपुर का है। 

अखिलेश ने आगे कहा कि गोरखपुर के डीएम व एसएसपी पर अभी कार्रवाई नहीं हुई तो सपा सरकार बनने पर इन अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। जो लोग आरक्षण के विरोधी हैं, वह सोशलिस्ट व सेकुलरिज्म का विरोध कर रहे हैं। भाजपा ने अपनी स्थापना के वक्त तय किया था कि सोशलिज्म व सेकुलरिज्म के रास्ते पर चलेगी। अब यह लोग इसका विरोध कर रहे हैं। यह लोग नफरत फैला कर राजनीति करते हैं। यह सीधे संविधान के खिलाफ नहीं बोल सकते, इसलिए सेकुलरिज्म व सोशलिस्ट का विरोध कर रहे हैं।

सरकार ने गोरखपुर में विरासत गलियारा बनाने की घोषणी की है। इससे वहां के दुकानदार प्रभावित हो रहे हैं। इसको लेकर सपा का एक प्रतिनिधिमंडल उन दुकानदारों से मिलने गया था। वहां पर भाजपाइयों ने उनको दुकानदारों से नहीं मिलने दिया।   

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.