कुठौंद थाना प्रभारी की सर्विस पिस्टल से खुदकुशी, विभाग में सनसनी; जांच में जुटी पुलिस
उरई (आरएनआई)। जालौन जिले के कुठौंद थाने में तैनात प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार राय ने शुक्रवार देर रात अपने सरकारी आवास में सर्विस पिस्टल से कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अचानक हुई इस घटना से पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी रात करीब 9:30 बजे क्षेत्र भ्रमण से वापस लौटे और आवास के अंदर अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उन्हें खून से लथपथ अवस्था में पाया और तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुँचाया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद कई तरह की चर्चाएँ भी उठी हैं। बताया जा रहा है कि गोली चलने के तुरंत बाद थाना प्रभारी के कमरे से एक महिला सिपाही बाहर निकलती दिखाई दी, जिस पर पुलिस अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं कर रही है। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार का कहना है कि अभी आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। इस दिशा में सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले 45 वर्षीय अरुण कुमार राय वर्ष 2023 में जनपद में तैनात हुए थे। उन्होंने मीडिया सेल, कोच कोतवाली और उरई कोतवाली में सेवाएँ दी थीं। 21 अगस्त 2024 को उन्हें कुठौंद थाने की कमान सौंपी गई थी। सहकर्मियों के अनुसार, वह कर्तव्यनिष्ठ और शांत स्वभाव के अधिकारी माने जाते थे।
उनकी अचानक मौत ने विभाग ही नहीं, स्थानीय पुलिस प्रशासन को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आत्महत्या के कारणों की तस्वीर साफ होने की उम्मीद की जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



