कांग्रेस का ‘SIR पर हल्लाबोल’, 14 दिसंबर को रामलीला मैदान में बड़ी रैली; भाजपा बोली- मुद्दा सिर्फ बहाना
नई दिल्ली (आरएनआई) कांग्रेस पार्टी एसआईआर और कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर बड़ा जन आंदोलन खड़ा करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में विपक्ष ने 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली आयोजित करने का फैसला किया है। कांग्रेस का दावा है कि एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं का संवैधानिक अधिकार छीना जा रहा है और चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता खतरे में है। पार्टी के मुताबिक रैली में राहुल गांधी भी शामिल होंगे और देश को बताएंगे कि किस तरह वोटरों को मतदान सूची से हटाए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
तेलंगाना कांग्रेस नेता वी. हनुमंता राव ने कहा कि 65 लाख मतदाता सूची से गायब कर दिए गए, लेकिन चुनाव आयोग ने इस मामले में कोई जांच नहीं कराई। उन्होंने कहा कि अब सभी विपक्षी पार्टियां साथ आकर जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगी।
उधर, भाजपा ने कांग्रेस के आरोप और रैली को पूरी तरह से खारिज कर दिया। भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि एसआईआर सिर्फ एक बहाना है और कांग्रेस चुनाव आयोग पर बेवजह निशाना साध रही है। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेस महाराष्ट्र में एसआईआर को लागू करने की मांग करती रही, लेकिन बंगाल और बिहार में अलग रुख अपना रही है। भाजपा नेता का दावा है कि पार्टी ने बिहार में एसआईआर के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में कोई याचिका भी दायर नहीं की है।
पूनावाला ने यह भी तंज कसा कि कांग्रेस के अपने कई नेता भी वोट चोरी के आरोपों से सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले अपने सहयोगियों को साथ रखने में असफल है और इंडी गठबंधन का कोई बड़ा दल इस रैली का हिस्सा बनने नहीं जा रहा। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘वोट चोर’ के नारे लगाती है, जबकि उसके साथी दल ही कांग्रेस पर गठबंधन तोड़ने और भ्रम फैलाने का आरोप लगा रहे हैं।
14 दिसंबर की रैली के साथ दिल्ली की सियासत एक बार फिर गरमाने वाली है और अब निगाहें इस बात पर होंगी कि विपक्ष जनता में कितना समर्थन जुटा पाता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



