कछौना-गौसगंज मार्ग की कलौली पुलिया बनी जानलेवा, टूटी रेलिंग और गहरे गड्ढों से हर समय हादसे का खतरा

Aug 4, 2025 - 18:09
Aug 4, 2025 - 18:21
 0  162
कछौना-गौसगंज मार्ग की कलौली पुलिया बनी जानलेवा, टूटी रेलिंग और गहरे गड्ढों से हर समय हादसे का खतरा

कछौना/हरदोई (आरएनआई) जनपद हरदोई में कछौना-गौसगंज मुख्य मार्ग पर स्थित शारदा नहर लखनऊ ब्रांच की कलौली पुलिया विगत कई वर्षों से खस्ताहाल स्थिति में है। पुलिया की रेलिंग पूरी तरह टूट चुकी है और उसके किनारे मिट्टी कटाव से गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे सड़क का हिस्सा भी नीचे धंसता जा रहा है। यह संकरी पुलिया तेज मोड़ और झाड़ियों के बीच स्थित है, जिससे बड़े वाहनों को गुजरना बेहद खतरनाक हो गया है।

इस मार्ग से कलौली, नारायण देव, बबुरहा, कन्हौआ, बालामऊ, कुरसठ, गौसगंज सहित दर्जनों गाँवों के लोग प्रतिदिन स्कूली वाहनों, एंबुलेंस, ट्रैक्टर, टेंपो और ट्रकों के माध्यम से आवागमन करते हैं। पुलिया पर रेलिंग न होने के कारण पूर्व में कई वाहन सीधे नहर में गिर चुके हैं, बावजूद इसके सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) की आंखें अब तक नहीं खुली हैं। यह पुलिया सिंचाई विभाग की है जबकि सड़क का रख-रखाव PWD बिलग्राम खंड के अधीन आता है।

स्थानीय नागरिकों ने इस ज्वलंत मुद्दे को क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा और विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल के संज्ञान में लाया, जिनके माध्यम से यह मामला मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी तक पहुंचा। लेकिन अब तक पुलिया की मरम्मत के बजाय केवल चेतावनी पट लगाकर जिम्मेदारी की इतिश्री कर दी गई है।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पुलिया चौड़ी नहीं है, रेलिंग गायब है, गड्ढे गहरे होते जा रहे हैं, किनारों की मिट्टी लगातार कट रही है और झाड़ियों के कारण दृश्यता भी सीमित हो गई है, ऐसे में यह मार्ग किसी भी दिन बड़ी जनहानि का कारण बन सकता है। पुलिया के नीचे डबल नहर बह रही है और यह संकरी पुलिया वर्षों पुरानी है, जो अब मरम्मत की नहीं, बल्कि पुनर्निर्माण की मांग कर रही है।

इस संबंध में जब अवर अभियंता से संपर्क किया गया तो उन्होंने स्वीकारा कि मामला संज्ञान में है और शीघ्र समाधान कराया जाएगा, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही शुरू नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठता है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे के इंतजार में है या फिर यह लापरवाही किसी नई त्रासदी को जन्म देने वाली है?

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)