कई दशक बाद पूरी हुई उम्मीद — कोरिहाना से कमलापुर मार्ग का निर्माण शुरू, क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
कछौना (हरदोई) (आरएनआई) कछौना और कोथावां ब्लॉक को जोड़ने वाला कोरिहाना–कमलापुर मार्ग आखिरकार निर्माण की राह पर चल पड़ा है। कई दशक से उपेक्षित यह प्रमुख मार्ग बरसात के दिनों में बेहटा नाले पर बनी क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण जलभराव से पूरी तरह बाधित हो जाता था, जिससे ग्रामीणों, मरीजों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
इस ज्वलंत समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रजीत यादव वर्षों से क्षेत्रीय विधायक, सांसद, एमएलसी, ब्लॉक प्रमुख व जिला प्रशासन से मार्ग और पुलिया निर्माण की मांग करते आ रहे थे। अंततः उनकी लगातार पहल और युवा जिला पंचायत सदस्य विजय कुमार के प्रयासों से यह मार्ग अब पक्के निर्माण की ओर अग्रसर है।
यह सड़क विकासखंड कछौना के ग्राम कोरिहाना हथौड़ा से ग्राम कमलापुर कोथावां को जोड़ती है। लगभग एक किलोमीटर लंबा यह मार्ग कोरिहाना, पूरबखेड़ा, हथौड़ा, कछौना, कमलापुर, रानीखेड़ा, अटवा, भदसेन, बिराहिमपुर और फरेंदा जैसे कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। लंबे समय से यह मार्ग गड्ढों में तब्दील था और बरसात में यहां जलभराव की स्थिति बनी रहती थी।
लोक निर्माण विभाग बिलग्राम खंड-2 के अनुसार, यह मार्ग सिंगल कनेक्टिविटी के अंतर्गत आता है और फिलहाल विभाग की ओर से डबल कनेक्टिविटी की कोई योजना नहीं है। ग्राम पंचायत व क्षेत्र पंचायत स्तर पर भी संसाधनों के अभाव में कार्य संभव नहीं था। ऐसे में जिला पंचायत सदस्य विजय कुमार ने इस मुद्दे को जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में उठाया, जिसके बाद 787 मीटर लंबे खड़ंजा निर्माण की लगभग 15 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई है। निर्माण कार्य शुरू भी हो चुका है।
स्थानीय ग्रामीणों ने सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रजीत यादव और जिला पंचायत सदस्य विजय कुमार के प्रयासों की सराहना की है। लोगों का कहना है कि यह मार्ग पक्का बनने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही कठिनाइयों का अंत होगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



