उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: शादी में शामिल होने जा रहे शिक्षकों की कार शिप्रा नदी में गिरी, तीन की मौत
नैनीताल (आरएनआई)। उत्तराखंड में शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें अल्मोड़ा से हल्द्वानी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे चार शिक्षकों की कार रातीघाट के पास अनियंत्रित होकर शिप्रा नदी में जा गिरी। हादसा शाम करीब सात बजे हुआ। दुर्घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और तुरंत पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दी।
खैरना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान शुरू किया। जवानों और स्थानीय लोगों की मदद से कार के अंदर फंसे घायलों को रस्सियों के सहारे खाई से बाहर निकाला गया और खैरना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र भंडारी, पुष्कर भैसोड़ा और संजय बिष्ट — तीनों अल्मोड़ा निवासी शिक्षकों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल शिक्षक मनोज कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजन को घटना की जानकारी दे दी है। एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि कार के नदी में गिरते ही रेस्क्यू अभियान तेजी से चलाया गया और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। घटना से शिक्षकों के परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



