उत्तर भारत ठंड की चपेट में: पहाड़ों पर बर्फबारी, केदारनाथ में पारा -13 डिग्री
नई दिल्ली (आरएनआई)। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हिमालयी राज्यों में हो रही बारिश और बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों तक सर्द हवाओं का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी वायुमंडल में जेट स्ट्रीम के सक्रिय होने से ठंड और कोहरे में तेजी आई है।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम बेहद खराब होता जा रहा है। केदारनाथ में पारा गिरकर -13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसी तरह बद्रीनाथ, औली, मुनस्यारी और हर्षिल में भी बर्फबारी के चलते न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। सुबह-शाम पाला पड़ने से तापमान में और गिरावट हो रही है। चमोली जिले की नीती घाटी में बर्फबारी के बाद ग्रामीण शीतकालीन प्रवास को लौट चुके हैं और क्षेत्र में केवल होम स्टे संचालक मौजूद हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा, हल्की बारिश और शीतलहर लोगों की मुसीबत बढ़ा सकती है। मैदानी राज्यों में न्यूनतम तापमान 4 से 7 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यह शून्य से नीचे जाएगा।
मध्य भारत में भी शीतलहर का खतरा बढ़ गया है। 9 दिसंबर को मध्य प्रदेश, उत्तरी विदर्भ और छत्तीसगढ़ में पारा सामान्य से काफी नीचे जा सकता है। ओडिशा, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में भी तापमान में दो से तीन डिग्री की और गिरावट संभावित है। देश में सोमवार को सबसे अधिक तापमान कर्नाटक के कारवार में 35.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान पंजाब के आदमपुर में 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पूर्वोत्तर भारत में भी 12 दिसंबर तक घने कोहरे की संभावना जताई गई है, जिससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। वहीं बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात के चलते हवा की रफ्तार 55 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह जारी की गई है।
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ साफ असर दिखा रहा है। चंबा, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचे क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। बिलासपुर और मंडी में 9 दिसंबर के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि 13 दिसंबर के बाद मौसम के शुष्क होने की उम्मीद है।
जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की सर्दी बनी हुई है। पहलगाम राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में तापमान -0.9 डिग्री रहा। उत्तरी और मध्य कश्मीर में हल्की बर्फबारी की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर भारत में बढ़ती ठंड और मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। आने वाले दिनों में सर्दी और कोहरे दोनों का प्रकोप और ज्यादा बढ़ सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



