अहमदाबाद में संदिग्ध आतंकी डॉ. सैयद के घर एटीएस की छापेमारी, ‘रिसिन’ जहर का कच्चा माल बरामद
अहमदाबाद / नई दिल्ली (आरएनआई)।गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने रिसिन केमिकल जहर से जुड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश करते हुए अहमदाबाद से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी डॉ. अहमद मोहियुद्दीन सैयद के घर पर बड़ी कार्रवाई की है। तलाशी के दौरान एटीएस को रिसिन जहर तैयार करने में उपयोग होने वाला कच्चा माल मिला है। इसी मामले में उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार दो अन्य संदिग्धों के घरों पर भी छापेमारी की गई है।
एटीएस सूत्रों के अनुसार, सैयद के हैदराबाद स्थित आवास से कई रासायनिक पदार्थ और संदिग्ध केमिकल उपकरण जब्त किए गए हैं। टीम इन सामग्रियों की फॉरेंसिक जांच कर रही है, ताकि यह पुष्टि की जा सके कि बरामद केमिकल वास्तव में रिसिन टॉक्सिन से संबंधित है या नहीं। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी तरह की विस्फोटक या अत्यधिक आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डॉ. सैयद और हाल में दिल्ली कार धमाके के सिलसिले में पकड़े गए “सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल” के बीच कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं पाया गया है। हालांकि जांच एजेंसियां दोनों मामलों के बीच संभावित कड़ी की पड़ताल कर रही हैं।
गौरतलब है कि एटीएस ने रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर एक सक्रिय आतंकी नेटवर्क का खुलासा किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में डॉ. सैयद के अलावा आज़ाद सुलेमान शेख और मोहम्मद सुहैल मोहम्मद सलीम शामिल हैं। अधिकारियों का दावा है कि सैयद इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रांत (ISKP) से जुड़े मॉड्यूल के संपर्क में था और कथित तौर पर रिसिन जहर तैयार कर रहा था, जिसे अत्यधिक घातक माना जाता है।
एटीएस ने सैयद के पास से दो ग्लॉक पिस्तौल, एक बेरेटा पिस्तौल, 30 कारतूस और चार लीटर अरंडी का तेल बरामद किया है — अरंडी का तेल ही रिसिन विष तैयार करने के प्रमुख घटकों में से एक माना जाता है।
फिलहाल एटीएस ने बरामद सामग्रियों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि देश के विभिन्न राज्यों में फैले संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह गिरोह एक संगठित विदेशी हैंडलर के इशारों पर काम कर रहा था और इसका मकसद देश में जैव-रासायनिक हमले की साजिश रचना था।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



