'अमेरिका से टैरिफ पर बातचीत जारी अभी कुछ तय नहीं', वाणिज्य सचिव ने ट्रंप के दावों को किया खारिज
सुनील बड़थ्वाल ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के दावों और मीडिया रिपोर्टों पर भरोसा नहीं किया जा सकता, क्योंकि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत अभी भी जारी है। भारत ने अमेरिका के साथ व्यापार शुल्क पर कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई है।
नई दिल्ली (आरएनआई) वाणिज्य सचिव सुनील बड़थ्वाल ने संसद की एक समिति को बताया कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार शुल्क में कटौती को लेकर बातचीत चल रही है और अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है। वाणिज्य सचिव ने विदेश मामलों की संसदीय समिति को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया दावों के बारे में जानकारी दी कि भारत अपने टैरिफ को काफी कम करने पर सहमत हो गया है।
ट्रंप के दावे पर कई सदस्यों ने चिंता जाहिर की, इस पर बड़थ्वाल ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के दावों और मीडिया रिपोर्टों पर भरोसा नहीं किया जा सकता, क्योंकि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत अभी भी जारी है। भारत ने अमेरिका के साथ व्यापार शुल्क पर कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई है। सूत्रों ने बताया कि वाणिज्य सचिव ने सदस्यों की आशंकाओं को दूर करते हुए कहा कि व्यापार वार्ता के दौरान भारत के हितों का ध्यान रखा जाएगा। भारत ऐसे उद्योगों की रक्षा करेगा जो उसकी घरेलू अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि विकासशील देश हर चीज पर अपने टैरिफ कम नहीं कर सकते।
बड़थ्वाल ने कहा कि भारत मुक्त व्यापार के पक्ष में है और व्यापार को उदार बनाना चाहता है, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सदस्यों से कहा कि टैरिफ युद्ध से अमेरिका सहित किसी को भी मदद नहीं मिलेगी तथा इससे मंदी आ सकती है। कुछ सदस्यों ने कहा कि भारत कनाडा और मेक्सिको तरह व्यापार शुल्क पर आवाज क्यों नहीं उठा रहा है, इस पर उन्होंने कहा कि भारत की इन दोनों देशों के साथ तुलना नहीं की जा सकती है क्योंकि अमेरिका को उनके साथ सुरक्षा संबंधी चिंताएं हैं और सीमा आव्रजन संबंधी मुद्दे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



