अब स्कूलों में हर कोना रहेगा कैमरे की नजर में, CBSE ने छात्रों की सुरक्षा के लिए जारी किए नए निर्देश

सीबीएसई ने छात्रों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब सभी स्कूलों में CCTV कैमरे लगाना जरूरी होगा और कम से कम 15 दिनों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी।

Jul 22, 2025 - 21:05
 0  108
अब स्कूलों में हर कोना रहेगा कैमरे की नजर में, CBSE ने छात्रों की सुरक्षा के लिए जारी किए नए निर्देश
demo

नई दिल्ली (आरएनआई) अगर आप अपने बच्चों को सीबीएसई स्कूल में पढ़ा रहे हैं तो अब उनकी सुरक्षा को लेकर आपको कुछ हद तक राहत मिल सकती है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा को और पुख्ता बनाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। अब सभी सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों को अपने पूरे कैंपस में हाई-रिज़ोल्यूशन CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।

सीबीएसई ने सोमवार को अपने नियमों में संशोधन करते हुए कहा है कि हर स्कूल को ऐसी निगरानी व्यवस्था करनी होगी, जिससे बच्चों का हर कदम रिकॉर्ड हो सके। कैमरे सिर्फ वीडियो नहीं बल्कि ऑडियो के साथ भी रिकॉर्डिंग करेंगे। यह फैसला स्कूलों में बढ़ती घटनाओं और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

बोर्ड के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, स्कूल के मुख्य गेट, क्लासरूम, स्टाफ रूम, लैब, लाइब्रेरी, कैंटीन, गलियारे, सीढ़ियां, खेल का मैदान, और शौचालय के बाहर के हिस्से जैसे सभी अहम जगहों पर हाई-क्वालिटी कैमरे लगाने होंगे। खास बात ये है कि ये कैमरे ऑडियो और वीडियो दोनों रिकॉर्ड करने में सक्षम होंगे। हालांकि, टॉयलेट और वॉशरूम के अंदर कैमरे नहीं लगाए जाएंगे।

सीबीएसई ने यह भी कहा है कि कैमरे ऐसी स्टोरेज डिवाइस से जुड़े होने चाहिए जिनमें कम से कम 15 दिनों तक की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जा सके। इसका उद्देश्य यह है कि अगर किसी प्रकार की घटना होती है तो फुटेज की मदद से सच्चाई सामने लाई जा सके। सभी स्कूलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि रिकॉर्डिंग का बैकअप सुरक्षित रखा जाए और ज़रूरत पड़ने पर संबंधित प्राधिकरण को उपलब्ध कराया जा सके।

सीबीएसई ने सभी स्कूलों से यह भी कहा है कि वे यह प्रमाण दें कि उन्होंने बोर्ड के नए निर्देशों का पालन किया है। यदि कोई स्कूल इन नियमों का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। स्कूलों को निगरानी व्यवस्था की रिपोर्ट समय-समय पर बोर्ड को भेजनी होगी।

पिछले कुछ वर्षों में स्कूल परिसरों में सुरक्षा से जुड़ी घटनाएं सामने आई हैं। माता-पिता और समाज लगातार स्कूलों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते रहे हैं। सीबीएसई का यह कदम बच्चों को एक सुरक्षित माहौल देने की दिशा में बड़ा और जरूरी कदम माना जा रहा है।

अब जब बच्चों के हर कदम पर कैमरे की निगरानी होगी, तो स्कूल का माहौल और भी सुरक्षित बनने की उम्मीद है। साथ ही यह भी उम्मीद की जा रही है कि इससे स्कूल प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp।com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.