UPCA भ्रष्टाचार की गूंज टीम इंडिया तक, अब सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी जाएगी लड़ाई: मोहसिन रज़ा

Aug 7, 2025 - 13:58
 0  648

लखनऊ (आरएनआई)  उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) में जारी भ्रष्टाचार को लेकर पूर्व मंत्री और पूर्व रणजी खिलाड़ी श्री मोहसिन रज़ा ने एक और बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि अब यह जंग सड़क से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी जाएगी। "सेव उत्तर प्रदेश क्रिकेट" अभियान को मिल रहे ज़बर्दस्त जनसमर्थन के बीच मोहसिन रज़ा ने एक वीडियो जारी कर इस आंदोलन को निर्णायक मोड़ पर ले जाने का ऐलान किया है।

टीम इंडिया तक पहुंचा UPCA का भ्रष्टाचार
वीडियो में श्री रज़ा ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया कि UPCA के वही भ्रष्ट अधिकारी, जो वर्षों से प्रदेश के क्रिकेट ढांचे को बर्बाद कर रहे हैं, अब भारतीय क्रिकेट टीम के मैनेजर और पदाधिकारी बनकर दौरे कर रहे हैं। उन्होंने इसे "राष्ट्रीय शर्म का विषय" बताते हुए कहा कि अब यह सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की क्रिकेट प्रतिष्ठा का सवाल है।

अब न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाएंगे
श्री रज़ा ने कहा कि UPCA प्रबंधन की भ्रष्ट कार्यप्रणाली के खिलाफ अब उच्च न्यायालय और सुप्रीम कोर्ट का सहारा लिया जाएगा, क्योंकि अब तक की सभी शिकायतों और विरोधों को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने इसे लाखों युवाओं के क्रिकेट करियर और देश की खेल-संस्कृति से जुड़ा मसला बताया।

जिला संघों से एकजुटता की अपील
उन्होंने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के क्रिकेट संघों, विशेषकर सोसाइटी एक्ट के तहत पंजीकृत इकाइयों से अपील की कि वे इस "कंपनी राज" के खिलाफ आवाज उठाएं और एकजुट होकर इस आंदोलन में शामिल हों।

यह व्यक्तिगत नहीं, प्रदेश की पीड़ा की लड़ाई है
मोहसिन रज़ा ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी पद या लाभ के लिए नहीं है। "मैं एक पूर्व खिलाड़ी हूं और यह मेरी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा की नहीं, बल्कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बचाने की पीड़ा की लड़ाई है।"

BCCI से प्रशासक नियुक्त करने की मांग
रज़ा ने BCCI से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि UPCA के वर्तमान प्रबंधन को भंग किया जाए और वहां एक स्वतंत्र प्रशासक (Administrator) नियुक्त किया जाए, ताकि एक पारदर्शी, खिलाड़ी-हितैषी और न्यायपूर्ण क्रिकेट प्रणाली को लागू किया जा सके।

10 अगस्त से निर्णायक चरण की शुरुआत
उन्होंने सभी क्रिकेट खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों से अपील की कि वे इस निर्णायक लड़ाई में साथ आएं और 10 अगस्त से शुरू होने वाले अगले चरण में पूरे प्रदेश में स्वच्छ क्रिकेट व्यवस्था के लिए आवाज़ उठाएं।

मुख्यमंत्री से भी की अपील
श्री रज़ा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए त्वरित और निर्णायक कदम उठाए जाएं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.