TTD घी मिलावट घोटाला: बिना दूध के बना 68 लाख किलो सिंथेटिक घी, ₹250 करोड़ का बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर
हैदराबाद (आरएनआई) तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) से जुड़े देश के सबसे बड़े घी मिलावट मामलों में से एक का खुलासा हुआ है। CBI के नेतृत्व वाली विशेष जांच टीम (SIT) की जांच में सामने आया है कि वर्ष 2021 से 2024 के बीच मंदिर को करीब 68 लाख किलोग्राम नकली या सिंथेटिक घी की आपूर्ति की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹250 करोड़ है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस घी को बिना दूध के तैयार किया गया था।
जांच में मुख्य सप्लायर के रूप में उत्तराखंड स्थित ‘भोले बाबा डेयरी’ का नाम सामने आया है। SIT के अनुसार, संबंधित अवधि में इस डेयरी द्वारा एक बूंद भी दूध का उपयोग नहीं किया गया, फिर भी बड़े पैमाने पर घी की सप्लाई TTD को की जाती रही। यह घी मंदिर में प्रसाद और अन्य धार्मिक कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जाता था, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था को गहरा आघात पहुंचा है।
CBI के नेतृत्व वाली SIT ने जनवरी 2026 में इस मामले में फाइनल चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें सप्लाई चेन, बिलिंग, कच्चे माल और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई अहम खुलासे किए गए हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि यह सिर्फ खाद्य मिलावट का मामला नहीं, बल्कि संगठित धोखाधड़ी और आस्था से जुड़ा गंभीर अपराध है। मामले के सामने आने के बाद TTD प्रशासन और संबंधित विभागों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं, वहीं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



