मुंबई को मिलेगा पहला भाजपा मेयर, रितु तावड़े होंगी महापौर; संजय घाड़ी बनेंगे डिप्टी मेयर
मुंबई (आरएनआई)। मुंबई महानगरपालिका में महायुति ने मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी की रितु तावड़े को गठबंधन की ओर से मेयर पद का उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) के संजय शंकर घाड़ी डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवार होंगे। नामों की घोषणा मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने की।
मुंबई मेयर का पद इस बार खुली श्रेणी में महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित है, जिसके चलते यह तय हो गया है कि शहर को एक बार फिर महिला महापौर मिलेगी। रितु तावड़े के उम्मीदवार बनने के साथ ही यह भी लगभग तय माना जा रहा है कि मुंबई के इतिहास में पहली बार भाजपा का महापौर बनेगा। रितु तावड़े घाटकोपर से तीन बार पार्षद रह चुकी हैं और शिक्षा समिति की पूर्व अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई है।
वहीं शिवसेना (शिंदे गुट) ने वार्ड नंबर 5, मागाथाने से पार्षद संजय शंकर घाड़ी को उप महापौर पद के लिए मैदान में उतारा है। महायुति के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण मेयर और डिप्टी मेयर दोनों पदों पर गठबंधन उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आज सात फरवरी है, जबकि 11 फरवरी को चुनाव संपन्न होंगे। इस दौरान भाजपा-शिवसेना गठबंधन अपने उम्मीदवारों के साथ शक्ति प्रदर्शन भी करेगा, जिसमें बड़ी संख्या में पार्षदों की मौजूदगी रहने की संभावना है। उधर, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस भी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए अपने उम्मीदवार उतार सकती हैं, जिससे चुनावी माहौल और दिलचस्प होने के आसार हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



