‘26/11 का हमला सिर्फ मुंबई नहीं, पूरी मानवता पर हमला था’ — इस्राइली राजदूत रुवेन अजार ने 17वीं बरसी पर दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली (आरएनआई)। मुंबई के 26/11 आतंकी हमले की 17वीं बरसी पर दुनिया भर के नेता और राजनयिक पीड़ितों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। भारत में इस्राइल के राजदूत रुवेन अजार ने हमले में जान गंवाने वालों को याद करते हुए कहा कि यह हमला केवल मुंबई या भारत पर नहीं, बल्कि पूरी मानवता के खिलाफ एक बर्बर हमला था। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ इस्राइल की मजबूत साझेदारी को भी दोहराया।
राजदूत रुवेन अजार ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा कि इस्राइल भारत के दुख में पूरी तरह से साझेदार है। उन्होंने कहा कि इस हमले में हर धर्म, जाति और राष्ट्रीयता के लोगों को निशाना बनाया गया था, जो इस बात का प्रमाण है कि आतंकवाद किसी सीमा या समुदाय को नहीं देखता। उन्होंने कहा, “इस्राइल दुर्भाग्य से इस दर्द को भली-भांति समझता है। हमें पता है कि जब आतंकवाद मासूमों की जान लेता है, तो कैसा महसूस होता है। साथ ही, हमें यह भी पता है कि हिम्मत, स्पष्टता और समर्पण के साथ इस लड़ाई को कैसे लड़ा जाता है।”
अजार ने मुंबई हमले में शहीद हुए पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों को सम्मानपूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि इस्राइल आतंकवाद के खात्मे के लिए भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहा है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने संदेश दिया—“मुंबई को याद करते हुए हम लोकतंत्र, स्वतंत्रता और साझा मूल्यों की फिर से पुष्टि करते हैं। जिंदगी की जीत हमेशा नफरत पर होती है। आप इस लड़ाई में अकेले नहीं हैं, इस्राइल आपके साथ खड़ा है।”
फ्रांस ने भी इस अवसर पर आतंकवाद के खिलाफ भारत को अपना समर्थन दोहराया। भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी मथाऊ ने 26/11 की बरसी पर श्रद्धांजलि दी और कहा कि फ्रांस आतंकवाद की कड़ी निंदा करता है तथा भारत की इस लड़ाई में उसके साथ मजबूती से खड़ा है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने मुंबई के ताज होटल, ओबेरॉय होटल, नरीमन हाउस, शिवाजी महाराज टर्मिनस सहित कई स्थानों पर हमला कर 166 लोगों की हत्या की थी और 300 से अधिक लोगों को घायल किया था। यह हमला आज भी देश और दुनिया की स्मृतियों में एक गहरे घाव की तरह अंकित है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



