हरदोई में कृषि नवाचार पर जोर, राज्य मंत्री ने किया कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण

Jul 12, 2026 - 19:13
Jul 12, 2026 - 19:14
 0  189
हरदोई में कृषि नवाचार पर जोर, राज्य मंत्री ने किया कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण

हरदोई, (आरएनआई) राज्य मंत्री (कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान) श्री बलदेव सिंह औलख ने रविवार को कृषि विज्ञान केंद्र, हरदोई-प्रथम का निरीक्षण कर केंद्र में संचालित कृषि अनुसंधान एवं किसान हितैषी गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वैज्ञानिकों से संवाद कर किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने बृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जनपद के किसानों के साथ 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में भाग लेते हुए विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है।

मंत्री ने कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी से पिछले 20 वर्षों में केंद्र द्वारा किए गए कार्यों, उपलब्धियों और किसानों के लिए संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्र के वैज्ञानिकों से उनके अनुसंधान कार्यों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा कृषि प्रसार गतिविधियों पर चर्चा करते हुए किसानों की आय बढ़ाने वाली तकनीकों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर बल दिया।

इसके बाद उन्होंने केंद्र में स्थापित विभिन्न प्रदर्शन इकाइयों का भ्रमण कर वहां किए जा रहे प्रयोगों एवं कृषि नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने वैज्ञानिकों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप तकनीकों के विकास और किसानों को उनका अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम एवं द्वितीय सहित कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान रविकांत मिश्रा, दर्शन लाल सहित लगभग 60 से 70 किसानों ने सहभागिता की। केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ए.एच. वारसी, डॉ. प्रिया वशिष्ठ तथा सर्वेश कुमार, रवीन्द्र सिंह सिरोही, अर्जुन लाल, कैलाश नारायण, सूरज सहित केंद्र का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)