हरदोई: एसपी कार्यालय पर महिला ने पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास, पुलिस ने समय रहते रोका
हरदोई (आरएनआई) पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य गेट पर गुरुवार को अफरातफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग महिला ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया। यह घटना उस समय हुई जब लखनऊ जोन की आईजी पुलिस लाइन हरदोई में निरीक्षण कर रहे थे।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल महिला के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और उसे सुरक्षित किया। इसके बाद महिला को समझाकर शांत किया गया और आत्महत्या के प्रयास के कारण पूछताछ की गई।
करीब 20 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के दौरान स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों ने इसे पुलिस व्यवस्था में खामी बताया।
आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला की पहचान मीरा शर्मा, निवासी फूलबेहटा, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। पीड़िता का आरोप है कि जिस भूमि पर उसका लगभग 50 वर्षों से कब्जा था, उसे रमेश शर्मा ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया। कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने महिला को सुरक्षित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं। घटना के लिए उकसाने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



