स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार: 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक 430 स्वास्थ्य शिविर
हरदोई (आरएनआई) केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर जनपद में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक “स्वस्थ नारी एवं सशक्त परिवार” अभियान संचालित होगा। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की सौ प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करना है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पाण्डेय ने बताया कि इस अवधि में सभी ग्रामीण एवं नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य देखभाल, जागरूकता कार्यक्रम, व्यवहार परिवर्तन, निक्षय मित्र नामांकन और रक्तदान शिविर शामिल होंगे। विशेष रूप से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख कैंसर, स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, क्षय रोग एवं एएनसी जांच पर जोर दिया जाएगा।
अभियान का शुभारम्भ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मध्य प्रदेश से करेंगे, जिससे सभी जिले ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। जनपद में कार्यक्रम का उद्घाटन नया गांव, मुबारकपुर स्थित 100 शैय्या चिकित्सालय में सांसद जयप्रकाश रावत करेंगे। साथ ही सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर शिविरों का शुभारम्भ स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा।
अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. जितेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में इस अवधि के दौरान कुल 430 स्वास्थ्य शिविर और 9 रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। रक्तदान शिविर 17 सितम्बर को ब्लड बैंक स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज हरदोई, 20 सितम्बर को सीएचसी शाहाबाद, 22 सितम्बर को सीएचसी बिलग्राम, 23 सितम्बर को सीएचसी सवायाजपुर, 26 सितम्बर को सीएचसी सांडी, 28 सितम्बर को सीएचसी कोथावां, 30 सितम्बर को सीएचसी पिहानी, 1 अक्टूबर को सीएचसी संडीला और 2 अक्टूबर को ब्लड बैंक स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज हरदोई में होंगे।
उन्होंने बताया कि शिविरों में आईएमए और स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक विशेष सेवाएं देंगे। रेड क्रॉस सोसाइटी भी अभियान में सहभागी होगी। सभी लाभार्थियों से अपील है कि शिविर में आते समय अपना आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड अथवा आभा आईडी साथ लाएं, ताकि उनका ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे इन स्वास्थ्य शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराएं और रक्तदान भी करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



