व्हाइट हाउस के पास फायरिंग: दो नेशनल गार्ड सैनिक गंभीर रूप से घायल, संदिग्ध गिरफ्तार; ट्रंप बोले—हमलावर को भारी कीमत चुकानी होगी

Nov 27, 2025 - 08:40
 0  162
व्हाइट हाउस के पास फायरिंग: दो नेशनल गार्ड सैनिक गंभीर रूप से घायल, संदिग्ध गिरफ्तार; ट्रंप बोले—हमलावर को भारी कीमत चुकानी होगी

वॉशिंगटन (आरएनआई)। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई, जिसमें दो नेशनल गार्ड सैनिकों को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है, जबकि पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वॉशिंगटन में मौजूद नहीं थे।

वेस्ट वर्जीनिया के गवर्नर पैट्रिक मॉरिसी ने दावा किया कि दोनों सैनिकों की मौत हो चुकी है, हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है। संघीय एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार संदिग्ध अफगान मूल का नागरिक है, जिसे 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका लाया गया था। उसकी पहचान 29 वर्षीय रहमानुल्लाह लकनवाल के तौर पर की गई है। बताया जा रहा है कि वह उन अफगान नागरिकों में शामिल था जिन्हें अमेरिकी सेना की मदद के बदले अमेरिका में बसाया गया था। इस मुद्दे पर पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन की अफगानिस्तान नीति पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, और ट्रंप ने उनके निर्णयों को घटना के लिए जिम्मेदार बताया।

17वीं स्ट्रीट और एच स्ट्रीट के पास हुई इस घटना के बाद व्हाइट हाउस से सटे इलाके को सील कर दिया गया। सीक्रेट सर्विस, ATF, फायर विभाग और नेशनल गार्ड ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को घेर लिया। एक हेलीकॉप्टर भी नेशनल मॉल पर उतरा।

हमलावर को सख्त सजा मिलेगी—ट्रंप
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि दोनों घायल सैनिकों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। उन्होंने हमलावर को चेतावनी दी कि “इस घटना की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।” उन्होंने नेशनल गार्ड और सुरक्षा बलों को “महान लोग” बताते हुए कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है।

फायरिंग के बाद राजधानी में सुरक्षा और कड़ी करने के लिए ट्रंप प्रशासन ने 500 अतिरिक्त नेशनल गार्ड सैनिक तैनात करने का फैसला किया है। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने घटना को “सोची-समझी और कायरतापूर्ण हरकत” करार दिया।

राष्ट्रपति घटना स्थल से दूर थे
घटना के समय ट्रंप वेस्ट पाम बीच स्थित अपने गोल्फ कोर्स पर थे। व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट के अनुसार राष्ट्रपति को पूरी जानकारी दे दी गई है और वे लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

वॉशिंगटन डीसी में सुरक्षा पहले से ही कड़ी है, क्योंकि अगस्त में आपातकाल लागू होने के बाद हजारों नेशनल गार्ड जवान तैनात किए गए थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.