मोसाद का खुलासा: यूरोप में बड़े पैमाने पर आतंकी हमलों की साजिश रच रहा हमास, कई संदिग्ध गिरफ्तार

Nov 23, 2025 - 09:46
 0  108
मोसाद का खुलासा: यूरोप में बड़े पैमाने पर आतंकी हमलों की साजिश रच रहा हमास, कई संदिग्ध गिरफ्तार

तेल अवीव (आरएनआई)। इस्राइल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि फलस्तीनी संगठन हमास यूरोप में बड़े पैमाने पर आतंकी हमलों की साजिश रच रहा है। मोसाद के अनुसार, हमास विभिन्न देशों में स्लीपर सेल सक्रिय करके एक संगठित आतंकी नेटवर्क तैयार कर रहा है, जिसका निशाना यहूदी समुदाय और इस्राइली नागरिक बताए जा रहे हैं।

मोसाद ने जानकारी दी कि यूरोपीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है और भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। जर्मनी और ऑस्ट्रिया सहित कई देशों में इस अभियान को संचालित किया गया। बताया गया कि वियना में डीएनएस सिक्योरिटी सर्विस ने पिछले सितंबर विस्फोटक और हैंडगन सहित हथियारों का बड़ा जखीरा पकड़ा। जांच के दौरान मोहम्मद नईम नामक संदिग्ध पर शक बढ़ा, जिसके बारे में पता चला कि वह हमास के वरिष्ठ अधिकारी बासेम नईम का बेटा है और गाजा में खलील अल-हया के करीबी दायरे का माना जाता है।

मोसाद का दावा है कि हमास का शीर्ष नेतृत्व यूरोप में आतंकी नेटवर्क खड़ा करने में सीधे तौर पर शामिल है। तुर्किए में भी हमास से जुड़े ठिकानों और संपर्कों की जांच चल रही है। हाल ही में जर्मनी ने हमास ऑपरेटिव बुरहान अल-खतीब को गिरफ्तार किया, जो उससे पहले तुर्किए में सक्रिय रहा था। इसके साथ ही जर्मनी में उन धार्मिक और नागरिक संस्थाओं पर भी कार्रवाई हो रही है, जिन पर कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने और हमास के लिए फंड जुटाने के आरोप हैं।

मोसाद का कहना है कि 7 अक्टूबर को इस्राइल पर हमले के बाद से हमास ने विदेशों में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं और यूरोप में हमलों के लिए बैकअप नेटवर्क बनाने में जुटा हुआ है। कई गिरफ्तारियों और बरामदगी के साथ सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क का दायरा और गहराई का पता लगाने में लगी हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.