मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट ट्रेन की कपलिंग टूटी, मुंबई-हावड़ा रेलमार्ग पांच घंटे रहा बाधित
चित्रकूट (आरएनआई): मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर सोमवार तड़के बड़ा तकनीकी हादसा टल गया। ठिकरिया और मारकुंडी रेलवे स्टेशन के बीच मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 2336) की कपलिंग टूट जाने से ट्रेन की चार बोगियां मुख्य रेक से अलग हो गईं। हादसे के चलते करीब पांच घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा और आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 2:45 बजे मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस से भागलपुर की ओर जा रही इस सुपरफास्ट ट्रेन के आखिरी एसी कोच की कपलिंग अचानक टूट गई। इसके कारण ट्रेन की चार बोगियां अलग हो गईं और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन में मौजूद यात्रियों और गार्ड ने तुरंत चालक तथा स्टेशन प्रबंधक को सूचना दी।
रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया। लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह करीब 8 बजे ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया।
इस दौरान ताप्ती गंगा, काशी, गोदान सहित कई अन्य ट्रेनों को ठिकरिया, मझगवा, जैतवारा और सतना स्टेशनों पर रोकना पड़ा। कई ट्रेनें डेढ़ से दो घंटे की देरी से चलीं।
मानिकपुर स्टेशन प्रबंधक शिवेश मालवीय ने बताया कि यह भोर का मामला है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर टूटी कपलिंग को ठीक कराया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और अब रेल यातायात सामान्य हो गया है।
हादसे के बाद रेलवे ने ट्रेनों की तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों को सख्ती से पालन करने के निर्देश जारी किए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



