भदोही में दर्दनाक हादसा: जहरीली गैस से तीन मजदूरों की मौत, मोटर ठीक करते समय हुआ हादसा
भदोही (आरएनआई) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में शनिवार को एक कालीन निर्माण कंपनी में बड़ा हादसा हो गया, जिसमें जहरीली गैस की चपेट में आकर तीन मैकेनिकों की मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में आक्रोश व दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, औराई क्षेत्र स्थित एक कालीन कंपनी के डाइंग हाउस में मोटर खराब होने के बाद तीन मैकेनिक — दयालापुर निवासी शितला मिश्र (55), सहसेपुर के शिवम् दुबे (32) और मध्यप्रदेश के राजकिशोर तिवारी (52) — उसे ठीक करने नीचे केबिन में उतरे थे। बताया जा रहा है कि इससे पहले वॉशिंग और ईटीपी प्लांट से जुड़ी प्रक्रिया के कारण केबिन में जहरीली गैस भर चुकी थी।
जैसे ही तीनों मैकेनिक अंदर गए, जहरीली गैस उनकी जान की दुश्मन बन गई। बाहर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। गैस लीकेज कैसे हुई, इस संबंध में जांच शुरू कर दी गई है। वहीं हादसे के बाद श्रमिकों में नाराजगी भी देखने को मिली और परिसर में शोक व तनाव का माहौल पैदा हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और कंपनी प्रशासन से भी पूछताछ की जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



