बैंकिंग में भ्रष्टाचार: 1 करोड़ के लोन पर 2 लाख की मांग, महिला मैनेजर गिरफ्तार

मथुरा में यूको बैंक की सीनियर मैनेजर गरिमा सिंह और उनके सहयोगी को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ सीबीआई ने गिरफ्तार किया। यह रिश्वत स्वीकृत एक करोड़ रुपये के ऋण के मामले में मांगी गई थी। 

Sep 2, 2025 - 19:18
 0  432
बैंकिंग में भ्रष्टाचार: 1 करोड़ के लोन पर 2 लाख की मांग, महिला मैनेजर गिरफ्तार

मथुरा (आरएनआई) मथुरा में सीबीआई ने सोमवार को कोतवाली रोड स्थित यूको बैंक से सीनियर मैनेजर गरिमा सिंह व उसके एक सहयोगी को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई दोनों को अपने साथ ले गई। देर शाम सीबीआई की ओर से प्रेसनोट जारी होने पर इसकी जानकारी हो सकी। पूरा मामला बैंक शाखा द्वारा स्वीकृत एक करोड़ रुपये के ऋण से जुड़ा हुआ है।

हाईवे थाना क्षेत्र के मंडी चाैक निवासी राधाकृष्ण फ्लोर मिल के संचालक मुरारी लाल ने कोतवाली रोड स्थित यूको बैंक में एक करोड़ के ऋण के लिए आवेदन किया था। प्रक्रिया पूरी करने के बाद ऋण स्वीकृत भी हो गया। इसके बाद 90 लाख रुपये की धनराशि फर्म के खाते में स्थानांतरित कर दी गई। 10 लाख रुपये सीनियर मैनेजर गरिमा सिंह ने रोक दिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गरिमा सिंह ने बकाया 10 लाख रुपये खाते में स्थानांतरित करने के लिए उनसे चार लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। यह रिश्वत उन्होंने स्वीकृत ऋण एक करोड़ का चार प्रतिशत कमीशन बताते हुए मांगी थी।

शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत सीबीआई से करने के साथ ही दो किस्तों में धनराशि देने के लिए सीनियर मैनेजर को तैयार कर लिया। इसके बाद सोमवार को सीबीआई ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार करने के लिए अपना जाल बिछा दिया।
मुरारीलाल के पुत्र सोनू ने पहली किस्त के रूप में सोमवार की दोपहर दो लाख रुपये की धनराशि सीनियर मैनेजर और उनके एक निजी सहयोगी आरिफ मोहम्मद को बैंक शाखा में जाकर दी। जैसे ही उन्होंने रिश्वत की धनराशि हाथ में ली, सीबीआई ने दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई दोनों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।

बैंक में अचानक सीनियर मैनेजर व एक अन्य व्यक्ति की गिरफ्तारी से लोगों में खलबली मच गई है। सीबीआई की टीम सादा कपड़ों में थी, जिसके चलते कोई समझ ही नहीं पाया कि आखिर वे कौन हैं। स्थानीय पुलिस को भी सीबीआई ने कार्रवाई की केवल जानकारी ही दी। सोमवार को देर शाम जब सीबीआई ने प्रेसनोट जारी कर पूरे मामले की जानकारी साझा की तो लोगों को पता चला कि मामला सीबीआई से जुड़ा है।
 
सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि यूको बैंक से सीबीआई की एक टीम सीनियर मैनेजर व एक अन्य को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है। स्थानीय पुलिस को केवल कार्रवाई की सूचना दी गई थी, कार्रवाई में उनका कोई सहयोग नहीं लिया गया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.