ट्रंप के 50% टैरिफ के जवाब में भारत में उठी स्वदेशी आंदोलन की लहर, 10 अगस्त से 'विदेशी भगाओ–स्वदेशी अपनाओ' अभियान शुरू
नई दिल्ली (आरएनआई) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाए जाने के फैसले ने देश के 145 करोड़ नागरिकों के सामने एक नई आर्थिक चुनौती खड़ी कर दी है। इस फैसले को लेकर देश के शीर्ष व्यापारिक संगठन भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने कड़ा रुख अपनाते हुए देशव्यापी स्वदेशी आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री रविकांत गर्ग ने कहा कि यह समय देश के लघु उद्यमियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, युवाओं और महिलाओं के लिए एकजुट होकर स्वदेशी उत्पादों और कारोबार को बढ़ावा देने का है। उन्होंने बताया कि अमेरिका की यह आक्रामक नीति भारत की अर्थव्यवस्था पर हमला है, जिसका करारा जवाब देश के कारोबारी और उपभोक्ता देंगे।
श्री गर्ग ने कहा कि विदेशी ई-कॉमर्स कंपनियां जैसे अमेजॉन, फ्लिपकार्ट और क्विक कॉमर्स भारत के खुदरा बाजार, रोज़गार और स्थानीय उद्योगों को नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने मांग की कि इन कंपनियों के व्यापार पर सरकार को तुरंत प्रतिबंध लगाना चाहिए।
10 अगस्त से देशभर में शुरू होगा ‘विदेशी भगाओ – स्वदेशी अपनाओ’ अभियान
रविकांत गर्ग ने ऐलान किया कि 9 अगस्त को ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की वर्षगांठ और रक्षाबंधन पर्व के मद्देनज़र 10 अगस्त से पूरे देश में 'विदेशी भगाओ – स्वदेशी अपनाओ' संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा।
इस अभियान के तहत: देश भर के मंडियों, बाज़ारों, तहसीलों और जिलों में छोटे-बड़े व्यापारी, दुकानदार और कारोबारी छोटे-छोटे समूहों में एकत्र होंगे।
सभी स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और विदेशी कंपनियों को बहिष्कृत करने का संकल्प लेंगे।
अभियान का उद्देश्य हर घर, हर युवा और हर महिला को उद्यमी बनाकर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कदम बढ़ाना है।
केंद्र सरकार से विदेशी कंपनियों पर प्रतिबंध की मांग
श्री गर्ग ने केंद्र सरकार से मांग की है कि विदेशी बहुराष्ट्रीय कंपनियों पर शीघ्र कार्रवाई कर उन्हें भारत के खुदरा बाज़ारों में कारोबार करने से रोका जाए। उन्होंने कहा, “अब वक्त आ गया है कि सरकार, व्यापारी, उद्यमी और उपभोक्ता एक साथ खड़े हों और देश की आर्थिक संप्रभुता की रक्षा करें।”
'हर घर स्वदेशी, हर युवा उद्यमी' का संकल्प
अंत में, श्री गर्ग ने सभी सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों से अपील की कि वे इस स्वदेशी, सुरक्षा और स्वावलंबन अभियान में जुड़ें और इसे जन-आंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा कि "हर घर स्वदेशी, हर युवा और महिला उद्यमी बने" – यही आज के भारत की सबसे बड़ी ज़रूरत है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



