किस्त जमा करने आया युवक रेलवे ट्रैक पर जख्मी मिला, रेफर के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
गुना (आरएनआई) शहर के महावीरपुरा क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर गंभीर रूप से घायल मिले एक 24 वर्षीय युवक की उपचार के लिए रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। घटना मंगलवार देर रात की है, जब पुलिस को यह युवक ट्रैक के पास बदहवास हालत में मिला था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संजय पुत्र रमेश जोगी (24) निवासी कुशमौदा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बीनागंज में अपने जीजा के पास रहता था और एक साड़ी की दुकान पर काम करता था।
बीनागंज से आया था गुना
परिजनों ने बताया कि संजय मंगलवार को मोबाइल की मासिक किस्त जमा करने के लिए बीनागंज से गुना आया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक पर किसी ट्रेन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने घायल संजय को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उसकी नाजुक हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे भोपाल के लिए रेफर कर दिया। दु:खद यह रहा कि अस्पताल से ले जाते समय बीनागंज के पास ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे थे। बुधवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और यह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है कि दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



