उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का किया भूमि पूजन, 367.09 लाख रुपये स्वीकृत
शाहाबाद हरदोई (आरएनआई) गुरुवार को उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 367.09 लाख रुपए की लागत से बनने वाली बाउंड्रीवाल, पानी की टंकी और भवन का भूमि पूजन किया। यह कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकारें छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि योगी सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और इसी क्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण व संचालन, गर्ल्स इंटर कॉलेज एवं छात्रावास, राजकीय महाविद्यालय, खेलकूद हेतु स्टेडियम और राजकीय महिला महाविद्यालय के निर्माण कार्य स्वीकृत हैं, जिन्हें जल्द ही शुरू किया जाएगा।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का संचालन 2018 में प्रारंभ हुआ और 2024 से कक्षाओं का नियमित संचालन शाहाबाद में शुरू हुआ। संस्थान में 12 ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें 4 ट्रेड विशेष रूप से छात्राओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ वीणावादिनी की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्वलन से किया गया। उच्च शिक्षा मंत्री का स्वागत एसडीएम अंकित तिवारी, नोडल प्रधानाचार्य रोहित श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता प्रदीप पाल और ब्लाक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा ने पुष्प गुच्छ देकर किया। भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल पांडेय पिंटू, चेयरमैन रंजीत सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामनाथ त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य जनों ने भी मंत्री का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर गंगाराम राठौर को मंत्री ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसडीएम शाहाबाद, ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्रीय पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



