आंबेडकर परिनिर्वाण दिवस पर बोले सीएम योगी — हर प्रतिमा के पास बनेगी सुरक्षात्मक बाउंड्री वॉल

Dec 6, 2025 - 12:22
 0  405
आंबेडकर परिनिर्वाण दिवस पर बोले सीएम योगी — हर प्रतिमा के पास बनेगी सुरक्षात्मक बाउंड्री वॉल

लखनऊ (आरएनआई)। डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को राजधानी लखनऊ में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंबेडकर महासभा कार्यालय पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अक्सर शरारती तत्व प्रतिमाओं से छेड़छाड़ करते हैं, इसलिए सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि प्रदेश की हर आंबेडकर प्रतिमा के चारों ओर सुरक्षात्मक बाउंड्री वॉल बनाई जाए और जिन जगहों पर छत नहीं है, वहां छत का निर्माण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब की विरासत से सामाजिक न्याय की सोच को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सफाई कर्मियों और चतुर्थ श्रेणी संविदा कर्मचारियों को न्यूनतम मानदेय की गारंटी देने की दिशा में सरकार काम कर रही है और कॉरपोरेशन गठन के बाद जल्द ही फैसला लागू होगा।

योगी ने अपने संबोधन में कहा कि वंचित वर्गों को जो सम्मान और अधिकार मिले हैं, वे बाबा साहब की प्रेरणा और संघर्ष का ही परिणाम हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंचतीर्थ निर्माण और समाज के कमजोर वर्गों के लिए चलाई जा रहीं नई छात्रवृत्ति योजनाओं को समानता और आत्मसम्मान के विचारों को आगे बढ़ाने वाला कदम बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत बौद्ध भिक्षुओं द्वारा बुद्ध वंदना और त्रिशरण पंचशील पाठ से हुई। इस अवसर पर डॉ. आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने सरकारी पाठ्यक्रमों में संविधान की उद्देशिका, मौलिक अधिकार, कर्तव्य, नीति निर्देशक तत्व तथा संघीय ढांचे से जुड़े विषयों को अनिवार्य रूप से शामिल करने का अनुरोध रखा।

इधर राजनीतिक मोर्चे पर भी बाबा साहब के नाम को लेकर तकरार तेज रही। निर्मल ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर आरक्षण विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में दलित कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण समाप्त किया गया था। उन्होंने कहा कि आज सपा केवल वोटों की खातिर बाबा साहब की बात कर रही है।

उधर, बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने इस वर्ष नोएडा में आयोजित प्रस्तावित रैली में शामिल न होने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा व्यवस्थाओं के कारण आम कार्यकर्ताओं को असुविधा होती है, इसलिए वह अपने आवास पर ही बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।

इस बीच समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार बाबा साहब के विचारों को दबाने की कोशिश कर रही है। सपा के सांसद आरके चौधरी ने बताया कि 6 दिसंबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अनुमति प्रशासन ने रद्द कर दी है, जो बेहद अलोकतांत्रिक कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ वोट के लिए बाबा साहब का नाम लेती है, जबकि सपा जनता के बीच जाकर हर जगह परिनिर्वाण दिवस मनाएगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.