अल-कायदा से जुड़े आतंकियों की तलाश में NIA की पांच राज्यों में छापेमारी, बांग्लादेशी संदिग्धों पर निगाह

Nov 13, 2025 - 10:35
 0  108
अल-कायदा से जुड़े आतंकियों की तलाश में NIA की पांच राज्यों में छापेमारी, बांग्लादेशी संदिग्धों पर निगाह

नई दिल्ली (आरएनआई)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अल-कायदा गुजरात आतंकी साजिश से जुड़े मामले में गुरुवार को देश के पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मेघालय, हरियाणा और गुजरात—में एक साथ छापेमारी की। एजेंसी ने इन राज्यों में 10 अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें कई डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और संदिग्ध सामग्री जब्त की गई है। सभी बरामद वस्तुओं को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

यह मामला वर्ष 2023 में दर्ज किया गया था, जिसमें चार बांग्लादेशी नागरिकों—मोहम्मद सोजिब मियां, मुन्ना खालिद अंसारी, अजरुल इस्लाम और अब्दुल लतीफ—के नाम शामिल हैं। आरोप है कि ये सभी जाली भारतीय पहचान दस्तावेजों का उपयोग करके अवैध रूप से भारत में घुसे थे। जांच में सामने आया है कि ये लोग प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-कायदा से जुड़े थे और इसके लिए धन इकट्ठा करने, फंड ट्रांसफर करने और मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथ की ओर भड़काने जैसी गतिविधियों में शामिल थे।

NIA ने इस मामले में 10 नवंबर 2023 को अहमदाबाद की विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था। एजेंसी के मुताबिक, ये आरोपी बांग्लादेश में अल-कायदा नेटवर्क के सक्रिय गुर्गों के लिए काम करते थे और भारत में ठिकाने बनाकर आतंक के विस्तार की कोशिश कर रहे थे।

इस बीच, महाराष्ट्र में भी आतंकी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। महाराष्ट्र एटीएस ने हाल ही में पुणे से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर जुबैर हंगरगेकर (37) को गिरफ्तार किया है। उस पर अल-कायदा और AQIS (अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट) से जुड़े होने और कट्टरपंथ फैलाने का आरोप है। जांच के दौरान उसके पुराने मोबाइल फोन से पाकिस्तान के एक संपर्क नंबर का भी पता चला है। इसके अलावा एटीएस ने ठाणे के एक शिक्षक से भी पूछताछ की है, जिससे आतंक नेटवर्क की संभावित कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।

NIA और एटीएस की इन कार्रवाइयों को भारत में अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बांग्लादेश से आए इन संदिग्धों के तार भारत में किन-किन संगठनों या व्यक्तियों से जुड़े हुए हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.