अजनाला में बाढ़ का कहर: आवान लक्खा सिंह गांव जलमग्न, खेत-सड़क सब डूबे

Sep 2, 2025 - 10:56
 0  81
अजनाला में बाढ़ का कहर: आवान लक्खा सिंह गांव जलमग्न, खेत-सड़क सब डूबे

अमृतसर  (आरएनआई) अमृतसर में बीएसएफ, पुलिस, सेना और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार बचाव कार्य में लगी हुई हैं। नावों और अन्य संसाधनों की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। रात-दिन चल रहे रेस्क्यू अभियान के तहत अब तक कई परिवारों को सुरक्षित निकाला गया है। हालांकि गांव में अभी भी कई लोग और उनके मवेशी फंसे हुए हैं।

अजनाला सेक्टर के सीमांत गांव आवान लक्खा में बाढ़ से हालात बेहद दयनीय हो गए हैं। गांव में आधे से अधिक हिस्से की बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद है। लोगों का कहना है कि इस बाढ़ ने उन्हें बर्बाद कर दिया। यह गांव ब्लाक चौगावां के अंतर्गत आता है। इसमें करीब 182 परिवार रहते है। गांव की आबादी 1078 के करीब है।

गांव में चारों ओर पानी ही पानी है। रावी दरिया का पानी आसपास के खेतों, घरों और गलियों में घुस चुका है। घरों में साढे़ तीन फीट से अधिक पानी भरा है। किसानों की फसलें पानी में डूबकर बर्बादी की कगार पर पहुंच चुकी हैं। गांव की सड़कें और गालियां पानी से लबालब है।

गांव के बुजुर्ग जसबीर सिंह ने बताया कि अचानक बढ़े पानी ने पूरे गांव को घेर लिया। न खेत दिखाई देता है न सड़क। चारों ओर पानी ही पानी है। घरों में रखा सामान और अनाज पानी में बह गया है। दिलबाग सिंह ने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। कई परिवार छतों पर शरण लिए हुए हैं। महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक परेशानी झेल रहे हैं। बहुत से परिवार की महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शहर चले गए हैं। पीने के पानी और खाने की दिक्कत है। पशुओं के लिए चारा और सुरक्षित जगह मिलना मुश्किल हो गया है।

हरदीप सिंह ने बताया कि कई मवेशी पानी में बह गए हैं। जो बचे हैं, वे भूखे-प्यासे हैं। रोजमर्रा की जिंदगी ठप हो गई है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से तुरंत राहत व की गुहार लगाई है।  

रावी दरिया का जल स्तर बढ़ने से एक सप्ताह से अजनाला, रमदास, गग्गोमहल, लोपोके आदि के करीब 90 गांव पानी में डूबे हैं। प्रशासन और अन्य समाजसेवी संस्थाएं जरूरत का सामान लोगों तक पहुंचा रही हैं। लोगों को रेस्क्यू भी किया जा रहा है। वहीं, बाढ़ में फंसे लोग हिम्मत से आपदा का सामना कर रहे हैं। एक-दूसरे की मदद भी कर रहे हैं। गांवों को जाने वाले रास्ते भी पानी से लबालब हैं। इससे मदद पहुंचाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बाढ़ के कारण जहां एक तरफ लोग अपने घरों से बेघर हो चुके है। वहीं, इसी के कारण तीन लोगों की मौत भी हो चुकी है। सैकड़ों पशु भी पानी में बह कर मर चुके हैं। लोग घरों के छतों पर टेंट लगाकर रहने को मजबूर हैं। लोग भले ही बाढ़ के पानी में भी किसी तरह से गुजर-बसर कर रहे हैं लेकिन आने वाले दिनों में पानी निकल जाने के बाद भी कई तरह के खतरों को झेलना पड़ेगा। घरों और जमीनों पर कई-कई फुट तक रेत और मिट्टी जम चुकी है। इसे निकाल पाना चुनौती होगा। बाढ़ ग्रस्त इलाकों में कई तरह की बीमारियां फैलने का भी खतरा बना हुआ है।

अजनाला इलाके में एक युवक अचानक बाढ़ के गहरे पानी में जा गिरा लेकिन समय रहते एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने तुरंत युवक को रेस्क्यू कर लिया। हालांकि पानी से बाहर निकलने पर युवक कुछ देर के लिए बेहोश भी हो गया। मेडिकल मदद मिल जाने से उसकी जान बच गई।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.