हरदोई में आवारा सांड का आतंक: एक की मौत, दर्जनों घायल
हरियावां में सांड ने घंटों तक मचाया उत्पात, ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से दबाकर मार डाला।
हरदोई (आरएनआई) हरियावां क्षेत्र में सोमवार सुबह एक आवारा सांड ने जबरदस्त उत्पात मचा दिया। अलग-अलग स्थानों पर किए गए हमलों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक भैंस भी सांड के प्रहार से घायल हुई है। अचानक हुए हमलों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सुबह करीब छह बजे हरियावां निवासी मझिले अवस्थी पर सांड ने हमला कर दिया। उन्हें गंभीर हालत में हरदोई अस्पताल भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही अवस्थी ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इसी सांड ने थोड़ी देर बाद कुरसेली तिराहे के पास खेरिया निवासी आदेश श्रीवास्तव पुत्र लालजीत समेत कई अन्य लोगों को भी निशाना बनाया। आदेश हरियावां चीनी मिल में कार्यरत हैं और छुट्टी के बाद घर लौटते समय सांड के हमले का शिकार हुए। फिलहाल उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है।
हमले में श्याम लखन, नन्हे मिश्रा, बबलू माली (हरियावां निवासी), प्रभु गुप्ता, सीताराम गुप्ता, बड़कौनू सिंह, मिश्री लाल कहरी (उतरा गांव) तथा रामदयाल, सूरज बॉक्स, सुमिता (जतुली गांव) समेत दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। सभी का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
लगातार हमलों और दहशत के माहौल से परेशान होकर ग्रामीणों ने अंततः ट्रैक्टर के सहारे सांड को दबाकर मार डाला। घटना के बाद पुलिस और पशु विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं पर नियंत्रण और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है। क्षेत्र में लगातार बढ़ते सांडों से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



