स्वास्थ्य पर मोदी और योगी सरकार दे रही विशेष ध्यान - भूपेंद्र चौधरी
शाहाबाद में मेगा कैंप में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
शाहाबाद हरदोई। मोदी और योगी की सरकार स्वास्थ्य सहित सभी विषयों पर काम कर रही है। नए-नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं, सीएचसी और पीएचसी की स्थापना की जा रही है। सरकार की मंशा है कि उनके देश और प्रदेश के लोग स्वस्थ रहें। यह बात भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कही। श्री चौधरी अंबेडकर पार्क में स्वर्गीय उपेंद्र तिवारी की स्मृति में आयोजित मेगा कैंप में बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सभी बेसहारा और गरीब लोगों को छत देने का काम किया। ठीक इसी तरह से उज्जवला स्कीम के अंतर्गत महिलाओं को गैस सिलेंडर और चूहे उपलब्ध कराए गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा सरकार किसानों, बेरोजगारों, महिलाओं, दिव्यांगों सभी के लिए समान रूप से कार्य कर रही है । भाजपा की सरकार में कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री ने विश्व में भारत का सिर ऊंचा किया है। आज भारत की विश्व में एक पहचान बन चुकी है। उन्होंने इंडिया के घटक दलों पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि वह बेमेल गठबंधन है इसमें शामिल घटक दल एक दूसरे को पसंद नहीं कर रहे हैं। यह गठबंधन जनता के लिए नहीं है यह उनका पारिवारिक गठबंधन है। इस गठबंधन से जनता का कोई भला होने वाला नहीं है। पत्रकारों द्वारा ओमप्रकाश राजभर पर किए गए एक सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा ओमप्रकाश राजभर बड़े नेता हैं और विधायक हैं वह भाजपा गठबंधन के साथ हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री तथा शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र की विधायक रजनी तिवारी ने भी प्रदेश और केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, पूर्व जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष, पीके वर्मा, कमलेश मिश्रा, त्रिपुरेश मिश्र आदि मौजूद रहे। तत्पश्चात प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने अंबेडकर पार्क में स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, बैंक, कृषि एवं पशु विभाग की ओर से लगाई गये स्टालों का निरीक्षण किया और स्टाल पर मौजूद हस्त निर्मित कुछ चीजों के बारे में जानकारी भी ली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

