सनातन परंपरा सम्पूर्ण सृष्टि के कल्याण की सोच रखती है — प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी

Nov 5, 2025 - 16:00
 0  810

कादीपुर (सुलतानपुर)। सनातन परंपरा केवल अपने और अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि सम्पूर्ण सृष्टि के लिए सोचने वाली परंपरा है। इस विचार को हमें हमेशा याद रखना चाहिए। भारत केवल भूखंड नहीं है, यह दर्शन, दृष्टि और विचार है। पूरी पृथ्वी हमारा परिवार है — सब लोग सुखी रहें, यह हमारी परंपरा रही है। यह बातें काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने कहीं।

वे अल्देमऊ नूरपुर स्थित सत्यनाथ मठ पर चल रहे बाबा सत्यनाथ महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित राष्ट्रीय परिचर्चा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भारतीय शास्त्रों में बताया गया है कि महिला पुरुष से श्रेष्ठ है। महिला और पुरुष को बराबर मानने पर अनेक तरह के असंतुलन पैदा होंगे। भारत में प्राचीन काल से ही महिलाएं शक्ति की प्रतीक रही हैं। इनके लिए ‘सशक्तिकरण’ शब्द का प्रयोग पश्चिम की देन है। नारी सशक्तिकरण नहीं, नारी सम्मान की जरूरत है। पारिवारिक मूल्य ही हमारा धर्म हैं। नारी का सम्मान कानून से नहीं, हमारे भीतर के भाव बदलने से होगा।

विशिष्ट वक्ता बीएनकेवी महाविद्यालय, अकबरपुर के हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय संस्कृति का बड़ा हिस्सा अवध क्षेत्र ने निर्मित किया है। अयोध्या की संत परंपरा ने राष्ट्रीय स्तर पर समरसता स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संतों ने समाज की जड़ता, अंधविश्वास और रूढ़ियों को तोड़कर समाज में एकता स्थापित की।

उड़ीसा, जगन्नाथपुरी के संत देवाचार्य ने कहा कि रामचरितमानस यह बताता है कि हमें कैसे जीना है। अपना आचरण हमें स्वयं सुधारना है। आचरण सुधरेगा तो सब कुछ ठीक होने लगेगा।

बाबा बजरंगदास ने कहा कि सब जीव एक समान हैं, किसी में भेदभाव नहीं करना चाहिए।

सम्पूर्णानंद ने कहा कि सत्संग से विवेक उत्पन्न होता है। संत की महत्ता का बखान नहीं किया जा सकता।

प्रमोद मिश्र ‘मुन्ना’ ने कहा कि संतों को सामाजिक समरसता हेतु गांव-गांव जाकर अलख जगाने की जरूरत है।

संगोष्ठी के संरक्षक पीठाधीश्वर कपाली बाबा ने कहा कि इस मठ ने सनातन परंपरा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नाथ पंथ सामाजिक समरसता का पंथ है — यहां कुछ भी त्याज्य नहीं है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुशील कुमार पाण्डेय ‘साहित्येन्दु’ ने की। संचालन मथुरा प्रसाद सिंह ‘जटायु’ ने किया तथा आभार ज्ञापन श्यामचंद्र श्रीवास्तव ने किया।

इस अवसर पर कादीपुर विधायक राजेश गौतम, सदर विधायक राजप्रसाद उपाध्याय, पूर्व मंत्री शैलेन्द्र यादव ‘ललई’, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, उपाध्यक्ष आनंद द्विवेदी, संदीप सिंह, अरविन्द सिंह ‘राजा’, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन योगेंद्र प्रताप सिंह, घनश्याम चौहान, लालमणि सिंह, झांसी नगर निगम उपायुक्त वीरेंद्र श्रीवास्तव, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, बांके बिहारी पाण्डेय, डॉ. जीतेन्द्र उपाध्याय, ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह ‘रवि’, संजीव मिश्र आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 1
Sad Sad 0
Wow Wow 0