लेखपाल संघ हरदोई ने पेश की मानवता की मिसाल, दिवंगत लेखपाल देवेंद्र वर्मा के परिजनों को दी ₹1.13 लाख की सहायता
हरदोई (आरएनआई) उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, जनपद हरदोई ने अपने दिवंगत साथी स्वर्गीय देवेंद्र वर्मा के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान कर मानवता की मिसाल पेश की है। शुक्रवार को संघ पदाधिकारियों ने तहसील सदर हरदोई में तैनात रहे दिवंगत लेखपाल देवेंद्र वर्मा के परिजनों से भेंट कर ₹1,13,200 की सहायता राशि सौंपी।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय देवेंद्र वर्मा का लगभग एक पखवाड़े पूर्व आकस्मिक निधन हो गया था। वह तहसील सदर क्षेत्र की ग्राम सभाओं में सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन से परिवार पर आए आर्थिक संकट को देखते हुए लेखपाल संघ के सदस्यों द्वारा आपसी सहयोग से धनराशि एकत्र की गई।
इस अवसर पर लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष श्रीपाल, जिला महामंत्री संजीव यादव एवं जिला कोषाध्यक्ष पीयूष अस्थाना ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देवेंद्र वर्मा एक कर्तव्यनिष्ठ एवं कर्मठ कर्मचारी थे, जिनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में तहसील अध्यक्ष अशोक वर्मा सहित बड़ी संख्या में लेखपाल उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



