रूस के प्रशांत तट पर दो शक्तिशाली भूकंप, 7.4 तीव्रता का झटका; जारी हुई सुनामी की चेतावनी
रूस के प्रशांत तट पर शनिवार को दो शक्तिशाली भूकंप दर्ज किए गए, जिनमें से एक की तीव्रता 7.4 मापी गई। भूकंपों के बाद तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है।
मॉस्को (आरएनआई) रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पास रविवार को समुद्र में दो शक्तिशाली भूकंप दर्ज किए गए। जिनमें से एक की तीव्रता 7.4 रही। इसके बाद प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने क्षेत्र के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है।
7.4 तीव्रता का भूकंप 20 किलोमीटर की गहराई में आया और इसका केंद्र पेत्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की शहर से 144 किलोमीटर पूर्व में स्थित था। इस शहर की आबादी करीब 1.8 लाख है। इससे कुछ मिनट पहले उसी क्षेत्र में 6.7 तीव्रता का एक अन्य भूकंप भी दर्ज किया गया था।
इन दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल किसी जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अधिकारियों ने तटीय इलाकों में रह रहे लोगों को सतर्क रहने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने की सलाह दी है। जर्मनी के रीसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंस (जीएफजेड) मॉनिटर ने भी भूकंप की पुष्टि की है कि रविवार को कामचटका क्षेत्र के पूर्व में 6.7 तीव्रता का कम से कम एक भूकंप दर्ज किया गया। जीएफजेड ने बाद में इसे 7.4 तीव्रता का बताया।
आपातकालीन टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि समुद्र में इतनी तीव्रता वाले भूकंप के बाद सुनामी आने की आशंका बनी रहती है। रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने दूसरे भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी के चलते तटीय बस्तियों के निवासियों से तट से दूर रहने का आग्रह किया है। मंत्रालय ने कहा कि निवासियों को निकालने की तत्काल कोई योजना नहीं है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



