योगी सरकार की गन्ना किसानों को बड़ी सौगात: अगैती प्रजाति का भाव ₹400, सामान्य प्रजाति का ₹390 प्रति क्विंटल तय
लखनऊ (आरएनआई): उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गन्ना किसानों को दीवाली के बाद एक और बड़ी सौगात दी है। सरकार ने गन्ने के समर्थन मूल्य (SAP) में वृद्धि की घोषणा की है। नई दरों के अनुसार, अगैती प्रजाति के गन्ने का मूल्य ₹400 प्रति क्विंटल और सामान्य प्रजाति के गन्ने का मूल्य ₹390 प्रति क्विंटल तय किया गया है।
इस फैसले को गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश सरकार का यह निर्णय न केवल किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेगा, बल्कि चीनी मिलों के लिए भी क्रशिंग सीजन की तैयारियों को दिशा देगा।
इसके साथ ही योगी सरकार ने उद्योग और व्यापार जगत के लिए भी एक बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में कैबिनेट बाई सर्कुलेशन के माध्यम से “उत्तर प्रदेश सुगम व्यापार (प्रावधानों का संशोधन) अध्यादेश-2025” को मंजूरी दी गई।
इस अध्यादेश के तहत राज्य में लागू 13 प्रमुख औद्योगिक व व्यापारिक अधिनियमों में लगभग 99% आपराधिक प्रावधान समाप्त कर दिए गए हैं। यानी अब अधिकांश मामलों में उद्यमियों और व्यापारियों को जेल भेजने की बजाय आर्थिक दंड या प्रशासनिक कार्रवाई की व्यवस्था लागू होगी।
सरकार का कहना है कि यह कदम ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देगा और राज्य में निवेश के माहौल को और अनुकूल बनाएगा। छोटे तकनीकी उल्लंघनों पर अब जेल नहीं, बल्कि जुर्माना या चेतावनी दी जाएगी।
अध्यादेश के दायरे में आने वाले प्रमुख अधिनियमों में शामिल हैं —
फैक्ट्री अधिनियम
दुकान एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अधिनियम
मोटर ट्रांसपोर्ट वर्कर्स एक्ट
बॉयलर अधिनियम
अनुबंध श्रमिक अधिनियम
इन सभी में संशोधन कर उन प्रावधानों को समाप्त किया गया है जो निवेशकों और व्यापारियों के लिए अनावश्यक बाधा बन रहे थे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



