यूजीसी 2026 काले कानून के खिलाफ सड़कों पर उतरे छात्र, हरदोई में सीएसएन कॉलेज छात्रों ने निकाला जनाक्रोश मार्च
हरदोई (आरएनआई) केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए यूजीसी 2026 को काला कानून बताते हुए इसके विरोध में बुधवार को हरदोई में युवाओं का जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। सीएसएन (केन सोसायटी नेहरू) डिग्री कॉलेज के छात्रों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए और जनाक्रोश मार्च निकालते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी युवाओं ने यूजीसी 2026 को शिक्षा विरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
सीएसएन कॉलेज के छात्रों के नेतृत्व में निकाला गया यह जनाक्रोश मार्च राम जानकी मंदिर परिसर से प्रारंभ हुआ। हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए छात्र “यूजीसी 2026 वापस लो”, “छात्र विरोधी कानून नहीं चलेगा”, “शिक्षा का बाजारीकरण बंद करो” जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़े। मार्च के दौरान पूरा क्षेत्र नारेबाजी से गूंज उठा और माहौल पूरी तरह आक्रोशपूर्ण नजर आया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि यूजीसी 2026 के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को पूंजीपतियों के हाथों में सौंपने की साजिश की जा रही है। छात्रों का कहना था कि नए प्रावधानों से गरीब, मध्यम वर्ग और ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों की उच्च शिक्षा तक पहुंच और भी कठिन हो जाएगी। उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ बताया।
जनाक्रोश मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ सिनेमा चौराहा पहुंचा, जहां छात्रों ने एकजुट होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा को रोजगार से जोड़ने के बजाय उसे व्यवसाय बना रही है, जिससे देश का भविष्य अंधकार की ओर जा रहा है।
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि यूजीसी 2026 को शीघ्र वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को जिले से प्रदेश स्तर तक फैलाया जाएगा। साथ ही अन्य महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के छात्रों से भी इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



