मिर्जापुर में कोहरे का कहर: हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी कार, पिता–पुत्र समेत चार की दर्दनाक मौत
मिर्जापुर (आरएनआई) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में शुक्रवार की भोर को घना कोहरा जानलेवा साबित हुआ। प्रयागराज–वाराणसी हाईवे पर कटका क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख–पुकार मच गई। हादसे में पिता–पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई।
कार प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही थी। कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम थी, जिसके चलते कार पहले सड़क पार कर रहे ट्रक चालक और खलासी को रौंदती हुई सीधे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार में सवार श्यामकृष्ण यादव और उनके पुत्र अनुराग यादव की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर की भी घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल खलासी को भदोही मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा–तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर बिखरे शवों और क्षतिग्रस्त कार को देखकर राहगीरों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही कछवां थाना पुलिस और जिले के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। कार को ट्रक से बाहर निकलवाया गया तथा तीन शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सीओ सदर अमर बहादुर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बताया कि हादसा घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण हुआ है। कुल चार लोगों की मौत हुई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



