बिहार चुनाव 2025: पहले चरण में 53.77% मतदान, सीवान में भाजपा प्रत्याशी पर विरोध – कई जगह हंगामे से गूंजा मतदान दिवस
पटना/लखीसराय/सीवान (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में गुरुवार को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। चुनावी माहौल गर्माते हुए शाम 5 बजे तक औसतन 53.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि, कई जिलों में विवाद, विरोध और हंगामे की घटनाओं ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया।
लखीसराय में डिप्टी सीएम के काफिले पर हमला
लखीसराय में उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर पथराव और चप्पलें फेंके जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने खुड़ियारी गांव में फ्लैग मार्च किया। राजद MLC अजय कुमार सिंह ने इस हमले को "सिन्हा का नाटक" बताते हुए कहा, “विजय सिन्हा चुनाव हार चुके हैं, इसलिए बौखला गए हैं। उन पर हमला नहीं हुआ, वह ध्यान आकर्षित करने के लिए ड्रामा कर रहे हैं।” मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीजीपी को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया है। लखीसराय एसपी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं।
सीवान में भाजपा प्रत्याशी को विरोध का सामना
सीवान के गोरेयाकोठी विधानसभा क्षेत्र के लकड़ी मकतब बूथ (संख्या 349 और 350) पर भाजपा प्रत्याशी देवेशकांत सिंह को जनता के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि उन्होंने मुस्लिम महिला मतदाताओं से बुर्का हटाने को कहा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने “वोट चोर, गद्दी छोड़ो” के नारे लगाए। हंगामा बढ़ने पर प्रशासन को दखल देना पड़ा और स्थिति पर काबू पाया गया।
मोकामा में सूरजभान सिंह का विरोध
मोकामा विधानसभा के दर्वे भदौर में राजद प्रत्याशी वीणा देवी के पति और बाहुबली सूरजभान सिंह को जनता के विरोध का सामना करना पड़ा। वह मतदान की अपील करने पहुंचे थे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उनकी एक न सुनी और उन्हें लौटना पड़ा।
पटना में मतदान केंद्र पर हंगामा
पटना जिले के मनेर नगर परिषद के मध्य विद्यालय मतदान केंद्र संख्या 79 पर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने मतदाताओं को रोके जाने का आरोप लगाते हुए पुलिसकर्मी से तीखी बहस की। इससे मतदान केंद्र पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मत प्रतिशत और मतदान की स्थिति
निर्वाचन आयोग के अनुसार,
सबसे अधिक मतदान बेगूसराय में 59.82%,
सबसे कम मतदान राजधानी पटना में 48.69% दर्ज हुआ।
अन्य जिलों में मुज़फ्फरपुर में 58.40%, गोपालगंज में 58.87%, लखीसराय में 57.39%, समस्तीपुर में 56.35%, खगड़िया में 54.77%, सारण में 54.60%, वैशाली में 53.63%, नालंदा में 52.32%, मुंगेर में 52.17%, बक्सर में 51.69%, भोजपुर में 50.07%, सीवान में 50.93%, शेखपुरा में 49.37%, मधेपुरा में 55.96%, सहरसा में 55.22% और दरभंगा में 51.75% मतदान हुआ।
निर्वाचन आयोग को अब तक 100 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं और 300 से ज्यादा ईवीएम बदले गए हैं।
लोकतंत्र के पर्व में जनता की भागीदारी
शिक्षक और यूट्यूबर खान सर तथा प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद ने भी अपने परिवार के साथ मतदान किया। शमायल अहमद ने कहा, “यह लोकतंत्र का महापर्व है, जिसे जनता पूरी निष्ठा से मना रही है। सभी नागरिकों को मतदान कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”
पहले चरण के मतदान के साथ बिहार की सियासत का पारा चरम पर है। अब सभी की निगाहें दूसरे चरण के चुनाव और मतगणना के दिन पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि जनता ने किसके पक्ष में फैसला सुनाया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



