बिजनौर-बदायूं हाईवे पर दर्दनाक हादसा, लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आए बाइक सवार पिता-पुत्री की मौत

Feb 3, 2026 - 21:27
 0  0
बिजनौर-बदायूं हाईवे पर दर्दनाक हादसा, लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आए बाइक सवार पिता-पुत्री की मौत

बिजनौर (आरएनआई)। बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार पिता और उनकी चार वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर तिगरी स्थित ईदगाह के पास हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, गांव पुट्ठा निवासी हारून (28) अपनी मां अनीसा और चार साल की बेटी मेहरून के साथ बाइक से चांदपुर दवाई लेने गए थे। शाम करीब सात बजे लौटते समय ईदगाह के पास आगे चल रही लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के दौरान हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के अधिक भार के कारण उसका अगला हिस्सा अचानक ऊपर उठ गया और फिर नीचे गिरते ही बाइक उसकी चपेट में आ गई।

हादसे में हारून और उसकी मासूम बेटी मेहरून की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हारून की मां अनीसा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया।

करीब आधे घंटे तक चले जाम के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर यातायात सुचारु कराया। सीओ चांदपुर देश दीपक ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। यह हादसा एक बार फिर ओवरलोड वाहनों और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले जानलेवा खतरों की ओर इशारा करता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.