बरेली में आजम खां के करीबी सपा नेता के बरातघर पर गरजे बुलडोजर, गुड मैरिज हॉल पर भी कार्रवाई

Dec 2, 2025 - 16:22
 0  81
बरेली में आजम खां के करीबी सपा नेता के बरातघर पर गरजे बुलडोजर, गुड मैरिज हॉल पर भी कार्रवाई

बरेली (आरएनआई) शहर के सूफी टोला क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने ऐवान-ए-फरहत बरातघर को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। यह बरातघर सपा नेता और आजम खां के करीबी सरफराज वली खां का बताया जाता है। उनके बरातघर के साथ ही पास स्थित गुड मैरिज हॉल पर भी कार्रवाई की आशंका जताई जा रही थी, जो कुछ ही देर बाद हकीकत में बदल गई।

दोपहर करीब दो बजे बीडीए की टीम दो बुलडोजरों के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि कर्मचारी सुबह से ही मौजूद थे, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में लगभग पांच घंटे लग गए। दोपहर दो बजे भारी पुलिस बल के साथ अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की। इस दौरान इलाके में तनाव का माहौल बन गया। छतों पर जमा महिलाओं ने रोते-बिलखते हुए बरातघर न गिराने की गुहार लगाई, लेकिन बीडीए ने इसे अवैध निर्माण बताते हुए कार्रवाई जारी रखी।

संकेतनुमा गलियों के बीच स्थित ऐवान-ए-फरहत पर बुलडोजर चलते ही पुलिस ने मालियों की पुलिया से सूफी टोला जाने वाले रास्ते को ताज पैलेस के पास बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद, दोपहर 3:45 बजे, राशिद खां के गुड मैरिज हॉल पर भी बुलडोजर गरज उठा। राशिद खां व्यापार से जुड़े हैं और उनका नाम मौलाना तौकीर रज़ा के करीबी के रूप में चर्चा में है।

बीडीए का कहना है कि दोनों ही बरातघर मानकों के विपरीत बनाए गए थे। सरफराज वली खां, जो आजम खां के नगर विकास मंत्री रहने के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण बोर्ड के सदस्य रहे थे, लंबे समय से सपा से जुड़े हैं। उनके घर पर आजम खां का लगातार स्वागत होता रहा है। सरफराज ने हाल के वर्षों में अपने पुत्र सैफ वली खां को सपा की राजनीति में आगे बढ़ाने की कोशिश की है। सैफ कैंट विधानसभा से टिकट के दावेदार माने जाते हैं, लेकिन बरातघर के ध्वस्तीकरण के बाद उनकी दावेदारी कमजोर पड़ सकती है।

सूत्रों के अनुसार, सूफी टोला क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवक 26 सितंबर को हुए बवाल में शामिल थे। इनमें से कई को जेल भेजा जा चुका है, जबकि कुछ अब भी घरों से दूर रह रहे हैं। ऐसी चर्चाएं हैं कि इन युवकों को उकसाने और आर्थिक सहायता देने में इलाके के कुछ प्रभावशाली लोगों की भूमिका रही, जिनमें राशिद खां का नाम भी सामने आ रहा है।

सोमवार सुबह से प्रशासनिक हलचल तेज थी। क्षेत्र का निरीक्षण, ट्रैफिक रोकना, सामान निकालना और पुलिस बल का जमावड़ा पूरे दिन चर्चा का विषय रहा। दोपहर में कार्रवाई स्थगित होने की खबर आई थी, लेकिन मंगलवार को बीडीए ने सख्ती दिखाते हुए दोनों अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

बीडीए की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, जबकि पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.