तहसील बिलग्राम में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, सीडीओ ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
हरदोई (आरएनआई) तहसील बिलग्राम सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10 से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से जनसुनवाई की जाए और फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए राजस्व विभाग को सरकारी एवं गरीबों की अवैध कब्जाई गई भूमि को चिन्हित कर पुलिस के समन्वय से कब्जा मुक्त कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विद्युत संबंधी शिकायतों पर सीडीओ ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा। राशन वितरण में अनियमितताओं को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि शिकायतों की जांच कर दोषी कोटेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। वहीं पेंशन से संबंधित मामलों में निर्देश दिए गए कि जिन पात्र व्यक्तियों की पेंशन किसी कारणवश रुकी या निरस्त हुई है, उनका सत्यापन कर पेंशन बहाल कराई जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने उपस्थित थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में दबंगों, अपराधियों और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने कहा कि गांव के चौकीदारों और बीट सिपाहियों के माध्यम से रोजाना गतिविधियों की जानकारी ली जाए तथा अवैध भूमि कब्जा मुक्त कराने में राजस्व विभाग की टीम को पूरा सहयोग दिया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भावनाथ पाण्डे, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार बिलग्राम सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



