“घूसखोर पंडित” के निर्देशक के खिलाफ एफआईआर दर्ज, जातिगत भावनाएं आहत करने का आरोप
लखनऊ (आरएनआई) राजधानी लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में फिल्म *“घूसखोर पंडित”* के निर्देशक और उनकी टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई जातिगत भावनाएं आहत करने और सामाजिक व सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोपों के तहत की गई है।
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि फिल्म का शीर्षक एक विशेष जाति, यानी ब्राह्मण समाज, को लक्षित कर अपमानित करने के उद्देश्य से रखा गया प्रतीत होता है। इसी वजह से समाज में भारी रोष और आक्रोश देखने को मिला है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में सामाजिक शांति और सद्भाव बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि निर्देशक और उनकी टीम द्वारा प्रकाशित सामग्री समाज में वैमनस्यता फैलाने, शांति व्यवस्था भंग करने और आपसी सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की मंशा से तैयार की गई है। इसी आधार पर मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि किसी भी समुदाय की धार्मिक या जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



