डेनवर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: विमान के पहिए में लगी आग, 173 यात्रियों ने इमरजेंसी स्लाइड से बचाई जान
अमेरिका के डेनवर एयरपोर्ट पर मियामी जा रहे अमेरिकन एयरलाइंस के विमान के पहियों में आग लग गई। टेकऑफ से पहले लैंडिंग गियर में आग के कारण 173 यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड से बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो वायरल हो गया है। एक यात्री के बच्चे से ज्यादा सामान बचाने की कोशिश पर भी विवाद हुआ है।
वॉशिंगटन (आरएनआई) अमेरिका के डेनवर एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा बाल-बाल टल गया। अमेरिकन एयरलाइंस की मियामी जाने वाली फ्लाइट AA-3023 के लैंडिंग गियर में आग लग गई। इस घटना ने रनवे पर अफरा-तफरी मचा दी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें दिख रहा है कि किस तरह यात्री जान बचाकर विमान से बाहर भाग रहे हैं और चारों ओर धुआं फैला है। विमान में 173 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे।
यह घटना दोपहर 2:45 बजे (स्थानीय समय) के आसपास हुई जब बोइंग 737 मैक्स 8 विमान टेकऑफ की तैयारी कर रहा था। उसी दौरान लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी के कारण धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। डेनवर एयरपोर्ट प्रशासन और फायर डिपार्टमेंट की टीम को तुरंत अलर्ट किया गया। मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री घबराए हुए विमान की इमरजेंसी स्लाइड से नीचे फिसलते हुए बाहर आ रहे हैं। इस दौरान चारों ओर धुआं फैला हुआ था। एक यात्री की हरकत पर विशेष रूप से चर्चा हो रही है जो आग की इस स्थिति में एक हाथ में बच्चा और दूसरे में सामान लेकर फिसलता दिखा। वह गिर भी गया और सोशल मीडिया पर उसकी आलोचना हो रही है कि उसने सामान को बच्चे से ज्यादा प्राथमिकता दी।
डेनवर एयरपोर्ट और अमेरिकन एयरलाइंस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस घटना में एक व्यक्ति को मामूली चोट आई है जिसे गेट पर प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल ले जाया गया। वहीं, पांच अन्य यात्रियों की मौके पर जांच की गई लेकिन उन्हें अस्पताल नहीं भेजा गया। सभी यात्रियों को बस के जरिए टर्मिनल तक पहुंचाया गया।
एयरलाइंस के अनुसार, विमान को पहले ही मेंटेनेंस समस्या की चेतावनी मिली थी, जो टायर से जुड़ा था। उड़ान से पहले यह तकनीकी गड़बड़ी गंभीर साबित हुई। आग लगने के बाद विमान को सेवा से हटा दिया गया है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है। एयरलाइंस ने अपने बयान में यात्रियों से माफी मांगी और कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के बाद कुछ समय के लिए डेनवर एयरपोर्ट के रनवे पर अन्य उड़ानें भी रोक दी गई थीं। आग बुझाने और यात्रियों को निकालने के बाद स्थिति को सामान्य किया गया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



